जीवन एक खुली किताब है,जिसके हर पन्ने पर एक नया अध्याय है।
जीवन को पढ़ो,सीखो और सहेज कर रखो।
जीवन अनंत है, पवित्र है, उसकी पवित्रता नज़र आती है चारों और फैली हरियाली में,
फूलों में,फसलों में और सुवासित मंद-मंद पवन में।
जीवन मानव को मिला अनमोल उपहार है उसे लगाना होगा असहाय मानव,
जरूरतमंद लोगों और बुजुर्गों कि सेवा करने में उनकी हर जरुरत को पूरा करने में।
मूक पशु-पक्षियों कि देख-रेख में और अन्याय को दूर करने में
ताकि हम सफल बना सकें अपना जीवन...
- साधना
प्रकृति के शांत और निशब्द हो जाने पर,
अंधकार के बाद प्रभात काल में सूरज की सुनहरी किरणों को देख,
पक्षियों के मधुर कलरव से मिल शायद संगीत का जन्म हुआ होगा,
लहरों के किनारों से टकराने से पैदा हुई आवाजों से,
या कहीं शंख की ध्वनि को सुन किसी पवित्र मन में संगीत का जन्म हुआ होगा,
माँ तुम्हारी ममता से भरी लोरी से ही संगीत का जन्म हुआ होगा,
माँ तुम्हारे निस्वार्थ प्रेम से भरे मुख को देख,
जब मैं जोर से खिलखिलाकर हँसा था और तुम ख़ुशी से झूम उठी थीं,
शायद उसी वक्त संगीत का जन्म हुआ होगा...
-साधना