Showing posts with label suraj. Show all posts
Showing posts with label suraj. Show all posts

Thursday, August 27, 2015

नन्ही खिड़कियाँ

चहार दीवारों से घिरा घर,
ईंट गारे से बना घर, सुन्दर नज़र आता,
घर में कीमती सोफे, झूमर, 
फर्नीचर से अनुपम शोभा बढ़ जाती,
पर सबसे प्यारी होती वे छोटी-छोटी खिड़कियाँ,
जिनसे हरपल खुला भोर का सूरज,
नीला आकाश और ऊँची उड़ान भरता परिंदा नज़र आता,
सुहानी शाम के ढलते ही 
नन्हे झिलमिल सितारे 
और दूधिया रौशनी बिखेरता चाँद नज़र आता,
इन्ही नन्ही नन्ही खिड़कियों से 
सारे संसार का सतरंगी सार नज़र आता...

Sunday, November 10, 2013

संगीत का जन्म

Music


प्रकृति के शांत और निशब्द हो जाने पर,
अंधकार के बाद प्रभात काल में सूरज की सुनहरी किरणों को देख,
पक्षियों के मधुर कलरव से मिल शायद संगीत का जन्म हुआ होगा,
लहरों के किनारों से टकराने से पैदा हुई आवाजों से,
या कहीं शंख की ध्वनि को सुन किसी पवित्र मन में संगीत का जन्म हुआ होगा,
माँ तुम्हारी ममता से भरी लोरी से ही संगीत का जन्म हुआ होगा,
माँ तुम्हारे निस्वार्थ प्रेम से भरे मुख को देख,
जब मैं जोर से खिलखिलाकर हँसा था और तुम ख़ुशी से झूम उठी थीं,
शायद उसी वक्त संगीत का जन्म हुआ होगा...
-साधना 

Thursday, July 25, 2013

मेरा पागल मन

Psalm 34:18 (Clouded Heart)

मेरा पागल मन जो उड़ा करता है
सुनहरे पंखो पर होकर सवार,
आकाश को छू कर, फिर ज़मी पर भी चलता है
सबसे आगे भीड़ में बार-बार,
आसमान से जमीं तक की ऊँचाइयों को
बार-बार नाप कर बन जाता है इस प्रकृति का राज़दार
सूरज, चाँद, सितारों को हमजोली बना
उनके साथ करता कही अनकही बातें,
कभी हमजोली बन खेलता, कभी झगड़ता, कभी मान भी जाता
चांदनी रातो में सो कर खो जाता सुनहरे सपनो में,
सुबह होने पर सूरज गुदगुदा कर उठाता,
देखने के लिए  फिर से नए स्वपन
और जानने के लिए नए-नए राज़…

 - साधना

Friday, May 24, 2013

प्राचीन इमारतें

Jahaz-Mahal at Mandu Fort













प्राचीन इमारतें खंडहर-सी नज़र आती,
सूरज के निकलते ही सुनहरी आभा वाली,
किरणों का प्रकाश पड़ते ही इमारतें फिर जीवंत हो उठती,
महलों के महराबों झरोखो से आती,
रोशनी व ताजी बयार को महसूस कर लगता,
अभी-अभी महलों के दालानों में राजा का दरबार सजा है,
कहीं से हँसी ठिठोली करती रानियाँ व,
राजकुमारियों की पायल की रुनझुन,
मंद-मंद हँसने खिलखिलाने की आवाज़ महसूस होती,
कहीं सैनिको की आवाजाही तो कहीं,
घोड़ों-हाथियों से सजी सेना का एहसास होता,
कभी ढ़ोल-नगाड़ो की आवाज़ आती,
कहीं घोड़े की टापों की आवाज़ सुनाई देती,
रात की मधुर चाँदनी में एक सुंदर सी,
नर्तकी का आसपास होने का एहसास होता,
घुंघुरुओ की मधुर आवाज व तबले, सारंगी,
शहनाई के स्वर सुनाई देते,
मन इन प्राचीन इमारतों के वैभवपूर्ण इतिहास,
की कल्पनाओं में इसी तरह खो जाता... 
- साधना

Saturday, May 18, 2013

संध्या (साँझ)

kwsunset1
धीरे-धीरे सूरज ढलने लगा,
शांत झील में कुछ नावें तैर रही थी,
तभी लगा सुंदर-सलोनी सी संध्या कुछ अलसाई सी,
थकी-सी, पहनकर सिंदूरी कुछ मटमैली सी,
चमकीली सी साड़ी उतर गयी शांत झील के शीतल जल में,
मैं भी शीतल जल में डूब अपनी थकान मिटाना चाहती थी,
पर ऐसा न हो सका क्योंकि मैं इस जग की थकान से परेशान थी,
संध्या रात भर डूबी रही शीतल जल में करती रही जल-क्रीड़ा करती रही,
सुबह-सुबह चिड़ियों के कलरव से,
ठंडे-ठंडे जल से अपने नयनों को धोकर लजाती,
बलखाती फिर अपनी सिंदूरी साड़ी की,
अलौकिक छटा को बिखराती झील के जल से निकली संध्या,
उज्ज्वल प्रकाश फैला इस सृष्टि को जगमगाने के लिए... 
- साधना

Saturday, April 6, 2013

मजबूर माँ

India on the road, a woman constructor, India, 2001
सूरज के निकलते ही एक माँ निकल पड़ती है,
अपने मासूम बच्चे की अंगुली थाम और,
एक नन्ही जान को पीठ पर बाँध मजदूरी करने के लिए। 
वहीं कहीं सड़क किनारे एक कपड़े की झोली बना,
किलकारी भरती नन्ही जान को झोली में डाल,
दुलारती-पुचकारती झूला झूलाकर उसे बहलाती,
दिनभर तपती धूप में पसीना बहा बच्चों
के भविष्य के लिए धन कमाती। 
साँझ ढलते ही लौट पड़ती अपने घरोंदे की तरफ,
फिर रात के अंधेरे सायों में देखती,
मासूम बच्चों के बेहतर जीवन के स्वप्न... 
- साधना

Thursday, February 28, 2013

पृथ्वी

green spread...
ये पृथ्वी जीवन का आधार हैं,
पृथ्वी जल का भी आधार हैं,
सम्पूर्ण विश्व को अपने ममता भरे आँचल में आश्रय देती,
नित नए वृक्षों फूलों से श्रृंगार कर हर पल नए रूप बदलती,
लहलहाती हरीतिमा की चादर ओढ़ मन में शांति का भाव जगाती,
कहीं केसर की क्यारी बन अपनी खुशबू बिखराती,
कहीं झरनों की कल-कल से आगे बढने का संदेश दे जाती,
कभी सरसों के पीले फूलों की चुनर ओढ़ कर नई दुल्हन सी लगती,
कभी गेहूं-ज्वार की पकी बालियों के दानों से हम सबका पोषण करती,
यही पृथ्वी कुछ लोगों को राजा बना उन्हें यश व सम्मान देती,
और किन्हीं को रंक बना मजदूर बना देती,
ये पृथ्वी नित नए रंग बदलती,हर मन में नई आशा का संचार करती,
जब भी लालिमा लिए सूरज धरती पर आता हैं,
जीवन में नया जोश भर जाता हैं,
ये पृथ्वी हमारे जीवन की साक्षी बन अंत समय में,
हमें अपने आप में विलीन कर लेती,
हे मानव! तुझसे प्रार्थना हैं कि तू दानव बन इस सुंदर धरती का,
स्वार्थसिद्धि के लिए विनाश न कर,
जो माँ बनकर तुझे अपनी गोद में आश्रय देती हैं,
तू हर पल उसका सम्मान कर.... 
- साधना


Wednesday, January 30, 2013

जीवन नैया

Regatta.
जीवन नैया डूबने को हैं,
नदियाँ, झरने सब अपनी गति से बह रहे हैं,
चाँद-सूरज सब समय पर निकल रहे हैं,
मेरी ही जीवन नैया डगमग हो तैर रही हैं,
कभी इस पार कभी उस पार,
प्रभु इक मंदिर से सुनाई देनेवाले प्रार्थना के स्वर,
मुझे खींच रहे है तुम्हारी तरफ,
मेरी नैया तेज़ी से बह चली है तुम्हारी ओर,
तुम्हारे सुंदर-सलोने मुखड़े के दर्शन की आस में... 
- साधना

Sunday, January 6, 2013

सूरज

Sun over Rossnowlagh
उस दिन सूरज दिन भर
बादलों से लुका-छुपी करता रहा
कभी धूप कभी छाया की
चादर बिछाता रहा
शाम का अंधेरा होने के बाद
सितारों के साथ मिलकर बतियाता रहा
सुबह फिर आई, खिड़की से सुनहरी रोशनी कर
सूरज मुझे जागता रहा
उठाने के लिए मुझे प्यार से
अपनी किरणों से सहलाता रहा
सूरज के आने से जीवन उजालों से भर गया
पक्षी चहचहाने लगे
फूल, पक्षी, आकाश, नदी
सभी मस्ती से भर गए
सूरज सभी को समान प्यार व आशीष देता रहा
सूरज से स्नेह का ये रिश्ता है
सूरज का रोज़ आना आदत मे आ गया
हम भी सुबह से याद कर रहे थे
और सूरज भी समय बिताने
रोज की तरह आ गया
- साधना

Thursday, November 8, 2012

डूब गया सूरज...

डूब गया सूरज, गूँजे कहीं बंसी व मादल के स्वर
दिन-भर सुनहरी पीली धूप, फैला सूरज चला गया,
तपती दोपहरी में, नीम तले पक्षियों ने कलरव का शोर किया,
दिन-भर खेतों में अलसाई धूप में वृक्ष खड़े रहे,
गलियाँ दिन-भर सुनसान रही, 
फूल भी संशय में डूबे अधखिले से चुप-चाप रहे,
ताल तलैयों में, घरों में सब अलसाए से रहे,
डूब गया सूरज साँझ हुई, शशि ने दूध सी धुली चाँदनी फैलाई,
डूब गया सूरज...

- साधना