दरवाजे पर आहट हुई लगा कोई आया,
देखा एक बुजुर्ग इंसान हाथ में कटोरा ले पुकार रहा था,
पेट की अग्नि को शांत करने के लिए कुछ मांग रहा था,
मन बेचैन हो उठा, लगा मेरे पास देने को
आंसुओं के अलावा कुछ भी न था,
जीवन एक भिक्षु की तरह ही गुजर गया,
हमेशा कुछ न कुछ प्रभु से और अपनों से मांगते ही रहे,
माँगते-माँगते ही जीवन गुज़र गया,
जीवन भर फिर भी संतुष्ट न हो सके,
लगा हम दोनों के हालात एक जैसे है,
पर दिल की बातें किसी से कह न सके
और जीवन यूं ही गुज़र गया...
- साधना
मेरी ज़िंदगी मैं तुम्हें दिल से जीना चाहती हूँ,
कभी छूना कभी चूमना तो कभी भूलना चाहती हूँ,
स्वप्न भरी आँखों को छूना चाहती हूँ,
आँखों से बहते हुए नमकीन आसुओं को,
अपनी उँगलियों से पोंछना चाहती हूँ,
ज़िंदगी मैं तुम्हारे रहस्यों को नहीं जानती,
पर इतना जानती हूँ कि मैं हर पल तुम्हें,
हर हाल में जीना चाहती हूँ,
मैं अपनी स्थूल काया से परे हो सूक्षम जीव की तरह,
ब्रह्माण्ड में विचरना चाहती हूँ,
ताकि मैं जीवन के हर रहस्य को जान सकूँ।
- साधना
प्यार में दिल के टूटने की आहट नहीं होती,
दिल शीशे की तरह चूर-चूर हो जाता है,
बिखरे टुकड़ों में अलग-अलग अक्स नज़र आते,
जोड़ने की चाहत में हाथ लहूलुहान हो जाते,
मगर जुडने की कोई राह नज़र नहीं आती,
शीशे के टुकड़ों से आईना बन जाता है,
पर टूटे टुकड़े नहीं बन पाते बेदाग आईना,
टूटे टुकड़ों में अधूरे से चेहरे नज़र आते,
एक अधूरेपन का हर पल एहसास कराते,
पर दिल फिर जुडने की चाह में धीरे-धीरे प्यार में खो जाता।
- साधना