Showing posts with label jeevan. Show all posts
Showing posts with label jeevan. Show all posts

Tuesday, December 20, 2016

नंगे पाँव ...

नंगे पाँव चलना अब भूल चुका इंसान,
नन्हे से पैरों ने जब डगमग हो रखा था पहला कदम,
घर-आँगन में गाँवो की गलियों, चौबारों, पगडंडियों में,
लटपट हो दौड़ा था बचपन, नर्म मुलायम दूब पर हुआ था,
मखमली कालीन का एहसास, 
पैरों में चुभती रेत, कंकरीले पत्थर कराते थे,
जीवन में ऊँच-नीच का एहसास,
अब हर समय जूते-चप्पल पहन भाव-विहीन हो मानव,
कर नहीं पता जीवन की सत्यता का एहसास

-साधना 'सहज'

Friday, August 12, 2016

सुबह होते ही...


सुबह होते ही सड़कों पर कामवाली बाइयों की आवाजाही नज़र आती,
उनकी सुबह ही बर्तन साफ़ करने व झाड़ू पोंछे से होती,
सड़क पर भी वे सोचती-विचारती सी नज़र आती,
उन्हें हर पल जल्दबाजी होती,
झटपट सारा काम पूरा कर घर पहुँचती,
लेकिन घर पहुँचने पर वही शराबी पति से झिकझिक, 
टूटी खटिया, रोते बीमार बच्चे, 
झोपड़ी से रिसता पानी नज़र आता,
दिनभर की परेशानियों से तन-मन से थक उदास हो जाती,
रात को सोते वक्त ही महसूस कर पाती,
वह अपनी सांसों का स्पंदन और जीवित होने का अहसास...

-- साधना

Friday, December 4, 2015

मेरी मासी...

मासी तुम माँ सी हो,
तुम्हारे निर्मल प्यार में बसता है
हम सबका जीवन,
तुम्हारी उठती-झुकती पलकों में है
जीवन का साँझ-सवेरा,
तुम्हारी ममतामयी मीठी वाणी में है बसी,
शाम को मस्जिद से उठती अजान,
सुबह को पूजा से उठते मंत्रो के स्वर,
जीवन के सारे रिश्ते तुमसे ही,
तुम्ही हो हम सबकी आशा, उम्मीद और विश्वास,
तुमसे मिलकर जीवन में आया नया आत्मविश्वास,
तुम्हारी इबादतों से ही है हम सबका जीवन गुलज़ार...
 - साधना 

Thursday, June 25, 2015

मासूम बच्चे


वे नन्हे बच्चे जो जीवन में कभी नहीं खेल पाते कीमती खिलौनों से,
भूख लगने पर मुट्ठी-भर चने खा, पानी पीकर चुपचाप सो जाते है। 
जिन्हें जीवन में कभी भी तीज-त्योहारों पर नहीं मिल पाते 
कीमती कपडे व तोहफे, 
जिनका सारा संसार छुपा होता है 
उनकी माँ की निश्छल प्रेमपूर्ण हंसी और दुलार में,
अक्सर ऐसे ही बच्चे जीवन की चुनौतियों को स्वीकार कर, 
बड़े होकर बनते है इस संसार में अद्भुत कवि, चित्रकार व महान वैज्ञानिक 
और इस देश के कर्णधार...

Friday, January 23, 2015

नारी जीवन...


नन्ही सी किलकारी गूंजी घर आँगन में जन्म हुआ कन्या का...
धीरे-धीरे बड़ी हुई माता-पिता, भाई के प्यार दुलार में,
अनुशासन में बंध बड़ी हुई,
ब्याह हुआ हुई पराई, 
पति और ससुराल के नियमों में बंध निकला जीवन,
पुत्रवती हो बड़ी प्रसन्न हुई
पर अब था पुत्र का बंधन
हर पल नारी जीवन में सिर्फ बंधन ही बंधन,
चाह कर भी कभी जी न सकी वो मुक्त जीवन...
- साधना 

Tuesday, December 2, 2014

जिंदगी...














सोचा न था जिंदगी इतनी उलझनों से भरी होगी
हर कदम पर मुसीबतें होंगी 
अपनों से इतने गम मिलेगें कि दुश्मनों की जरुरत ही न होगी
जिंदगी का हर लम्हा डर के साए से होकर गुजरता है,
न जाने किस मोड़ पर जिंदगी डगमगा जाये
और कोई अपना दूर तक नज़र न आये
दर्द के सायों में गुम हो ये जिंदगी,
ऐसे ही एक दिन हमेशा के लिए गुजर जाए...
- साधना 

Monday, February 17, 2014

जीवन की सफलता






















जीवन की सफलताओं का श्रेय हमेशा सही निर्णय लेने वालों को प्राप्त होता है। हर व्यक्ति एक सफल व कामयाब जीवन जीना चाहता है। सही निर्णय लेने कि क्षमता हर व्यक्ति में नहीं होती, पर हम छोटी-छोटी गलतियाँ जीवन में कई बार करते रहते है, ठोकरें खाते है ,कई बार गिरते है फिर सम्हलते है। इस तरह अपनी की हुई गलतियों से सबक सीख कर हम अपने जीवन को जीते हैं। अपनी ही गलतियों की  नींव पर सफल जीवन की इमारत का निर्माण करते है। इन्हीं  की हुई गलतियों से मिला सबक हमारे जीवन का अनुभव व जमा पूंजी माना जाता है। जीवन में जब भी कठिनाइयों का दौर आता है तब हो चुके अनुभवों के आधार पर हम सही निर्णय ले पाते हैं। 

अतः हमें जीवन के अच्छे-बुरे अनुभवों का सूक्ष्मता से निरीक्षण करते हुए जीवन को सफलता की राह पर अग्रसर करते हुए अपना जीवन सफल बनाना चाहिए।
- साधना

Friday, December 27, 2013

ओस की बूँदें...



कुहरे से भरी धुंधली सुबह में,
जब रक्तिम आभा से भरा सूरज निकलता,
तब ओस की नन्ही बूँदें पत्तों के किनारों पर,
मोतियों-सी सज जाती।
जगमगाती सुंदर मोतियों की लड़ी की तरह।
हवा के थपेड़ों को सहकर इधर-उधर,
लुढ़क कर अपने अस्तित्व को बचाती।
किसी उदास मन को जीवन का रहस्य समझाती
कि जब तक हमारा अस्तित्व है,
हमें जीवन की परेशानी को भूलकर ख़ुशी-ख़ुशी जीना होगा।

- साधना

Monday, September 30, 2013

टूटे रिश्तों की चुभन

Broken Heart Grunge

मैं उन टूटे रिश्तों की चुभन महसूस कर रही हूँ
जो इस संसार की भागमभाग में टूट कर खो गए हैं
रिश्तों को सुखद व सुवासित बनाना चाहती हूँ,
पर बहुत कठिन सा लगता है, रिश्तों  को आसानी से बदल पाना,
क्योंकि चारो ओर छल कपट से भरी दुनिया नजर आती है
अपने ही अपनों को छलते हैं,
कोशिशो में सफलता का विश्वास ले
हम इन रेगिस्तानो में भटकते है
मन सोचता है एक बार फिर मिलकर
हम तुम कुछ बातें करते
कुछ तुम कहते कुछ हम कहते,
मिल कर दोनों के आंसूओं के सैलाब में
बह जाते सारे गिले-शिकवे
सुबह होने पर रक्तिम आभा लिए
एक नया सूरज बादलों की ओट से
मुस्करा कर निकलता
और हम भूल जाते टूटे रिश्तों की चुभन...
- साधना

Saturday, September 7, 2013

अनैतिकता

186 - I'm afraid that someone else will hear me.

मानवता बिक चुकी है,
चारों ओर अराजकता का राज है,
साधू के वेष में शैतानों का बोलबाला है,
इस छल -कपट से भरी दुनिया में,
आस्था-विश्वास जैसे शब्द निरर्थक हो गए हैं,
मन भूल जाना चाहता है ऐसे शब्दों को,
जो अब सिर्फ किताबों में रह गए हैं,
हर तरफ झूठ, अनैतिकता और वहशीपन का बोलबाला है,
मानव इंसानियत खो चुका है, हर तरफ सिसकियों का राज है,
इस आधुनिक समाज का सृजनकर्ता बन,
मानव ने चारों ओर फैला दी है बर्बादी,
जिसमें नई-नई इमारतें,
स्वर्ग से सुन्दर उपवन तो हैं,
पर प्यार, करुणा व दया से भरे हुए इन्सान विलुप्त हो गए हैं,
हर गली चौराहों पर मौजूद है वहशी दरिंदें, जो अपनों को ही लूट-खसोट रहे हैं,
पृथ्वी भी शर्मिंदा हो जल समाधि लेने को उतावली सी है,
ज़रुरत है समर्थ व सक्षम बन अराजकता का संहार करने की…
 - साधना

Wednesday, August 28, 2013

ज़िंदगी

Indian Classical Dance

साँसों की लय पर नाचती ज़िंदगी
एक सुंदर नर्तकी सी नज़र आती
आल्हादित होने पर
झूम-झूम कर, नृत्य कर

घुँघरूओं के मधुर स्वर,
लय व ताल से जीवंत हो उठती
ज़िंदगी, जिसका एक पाँव धरती पे,
तो दूसरा आकाश पर नज़र आता,
घुँघरूओं के मधुर स्वर में,
झर-झर झरते झरनों की आवाज़ सुनाई देती,
नृत्य की भाव-भंगिमाओं में डूबी ज़िंदगी,
लहराती, बलखाती और इठलाती नज़र आती
नृत्यांगना के हर अंदाज़ में
नवजीवन से भरी नज़र आती ज़िंदगी...
- साधना

Wednesday, June 19, 2013

कर्म और जीवन

Keep walking

हमारा जीवन निरंतर गतिशीलता का प्रमाण है। जिसमें हमें सदा आगे ही आगे चलना होता है। हर पल सजगता को अपनाकर प्रगति-पथ पर चलना होता है। जरा भी हिचकिचाहट में कदम पीछे खींचने पर गति थमने लगती है, पर अवचेतन मन सदा सजग रहता है। वह हमारी उसी भूल को जीवन की सीख बना देता है, ताकि हम अगली बार बिना गलती करे अपने हर कार्य को सम्पूर्ण तन्मयता से कर पाएँ। हमारी आकांक्षाएँ न तो बहुत ज्यादा होनी चाहिए और न बहुत कम। आकांक्षाएँ अधिक होने पर पूरी नहीं हो पाएँगी और हम दुखी हो जाएंगे। इसलिए मध्यम मार्ग को अपना कर शांत मन से हमें अपने जीवन-पथ पर आत्मविश्वास के साथ अग्रसर होना चाहिए।
-साधना

Tuesday, June 4, 2013

जीवन का एहसास

rose

जीवन का होना,
एक फूल खिलने जैसा है,
फूल की खुशबू का,
चारों दिशाओं में बिखरना और,
सतरंगी रंगो-सा छा जाना,
जीवन का होना अपने अस्तित्व की पहचान है,
जीवन का होना प्रेम, प्रीति,
अपनत्व का एहसास है,
इस पृथ्वी पर पग-पग अहिंसा, घृणा,
छल-कपट मिलने की संभावना है,
दुख की हजारों पुकारों के बीच,
दुख से मुक्ति मिलना असंभव है,
पर फिर भी जीवन का धरती पर,
होना एक अनोखा एहसास है... 
- साधना

Tuesday, May 21, 2013

सोच...

Tiger Girl


एक छोटी-सी बच्ची थी। उसे रोज रात को सपने में शेर दिखाई देता था। धीरे-धीरे बच्ची के मन में डर बैठ गया। वह पूरे समय अनजाने डर से डरती ही रहती थी। उसके माता-पिता उसे एक मनोचिकित्सक के पास ले गए।
मनोचिकित्सक ने बच्ची से कई प्रश्न किए, फिर उसे प्यार से समझाया कि शेर तुम्हें सपने में परेशान करता है। बच्ची ने कहा- नहीं। मनोचिकित्सक ने समझाया कि शेर तुम्हें परेशान करने नहीं बल्कि तुमसे दोस्ती करने व तुम्हारा मनोरंजन करने के लिए तुम्हारे सपनों में आता है। क्या शेर ने तुम्हें कभी भी नुकसान पहुंचाया? बच्ची ने कहा- नहीं। बस एक सकारात्मक सोच ने उस बच्ची के जीवन को खुशियों से भर दिया, उसके मन से डर निकल गया।
हमें भी अपना हर पल सकारात्मक सोच के साथ बिताकर अपने जीवन की नकारात्मक सोच को खत्म कर देना चाहिए ताकि हम अपने जीवन को सरलता से जी सकें। हर दिन हमें एक अच्छी-सी सकारात्मक सोच के साथ दिन की शुरुआत करना चाहिए। 
- साधना

Saturday, May 18, 2013

संध्या (साँझ)

kwsunset1
धीरे-धीरे सूरज ढलने लगा,
शांत झील में कुछ नावें तैर रही थी,
तभी लगा सुंदर-सलोनी सी संध्या कुछ अलसाई सी,
थकी-सी, पहनकर सिंदूरी कुछ मटमैली सी,
चमकीली सी साड़ी उतर गयी शांत झील के शीतल जल में,
मैं भी शीतल जल में डूब अपनी थकान मिटाना चाहती थी,
पर ऐसा न हो सका क्योंकि मैं इस जग की थकान से परेशान थी,
संध्या रात भर डूबी रही शीतल जल में करती रही जल-क्रीड़ा करती रही,
सुबह-सुबह चिड़ियों के कलरव से,
ठंडे-ठंडे जल से अपने नयनों को धोकर लजाती,
बलखाती फिर अपनी सिंदूरी साड़ी की,
अलौकिक छटा को बिखराती झील के जल से निकली संध्या,
उज्ज्वल प्रकाश फैला इस सृष्टि को जगमगाने के लिए... 
- साधना

Sunday, May 12, 2013

मेरी माँ...

मेरी माँ

माँ तुम्हारा होना इस जीवन की बगिया का,
खुशियों से भरा होने का एहसास है,
तुम्हारे संस्कारों की सुगंध से सारी दिशाएँ महक उठती है,
चारों तरफ एक रंगीन-सा वातावरण हो जाता है,
माँ तुम मेरे हर दुख-सुख को समझती हो,
हम कहाँ गए, कहाँ चले-फिरे तुम्हें हर बात का पता होता है,
हजारों दुखों से घिरने पर भी,
मुझे दुख से मुक्ति का मार्ग दिखलाती हो,
माँ तुम्हारा होना इस प्रकृति के रंगों का,
ख़ुशबुओं का एक सुखद एहसास है। 

- साधना

प्यारी माँ...

Manon et Maman

माँ इस धरती पर मैं खाली हाथ ही आया था,
तुम्हारे ममता भरे आँचल में छुप कर,
मैंने सच्चा प्यार पाया था,
तुमसे महकी मेरे इस जीवन की बगिया,
जीवन के सारे रिश्ते तुमसे हैं,
इस जीवन की खुशी, चिंता, हल्ला-गुल्ला,
तनहाई तुम हो, नदिया, झरने, गहरा समंदर,
सावन-भादों, बसंती बयार तुम ही हो,
जीवन की हर सच्चाई तुम हो, 
तुम से ही है रिश्ते-नाते, मेरे जीवन की तुम्हीं विधाता,
तुमसे ही अस्तित्व है मेरा,
तुम हो मेरी प्यारी माँ... 
- साधना


Saturday, May 11, 2013

काश बचपन फिर लौट आता...

tree swing #2

जेठ की तपती दोपहर में विशाल नीम का वृक्ष स्थिर रहता,
सबको शीतल छाया व पवन देता,
जब भी गर्मी की छुट्टियाँ होती,
सारे बच्चे उस वृक्ष के नीचे जमा हो बतियाते,
नन्ही-नन्ही सारी लड़कियाँ उसकी छाया में खेलती,
कभी मम्मी-पापा की नकल,
तो कभी स्कूल टीचर की नकल कर अपनी दोपहर बिताती,
कभी आइस-क्रीम वाले की, कभी गन्ने के रस वाले की,
राह ताकती नज़र आती,
उन बच्चियों की प्यारी सी बातें, रस्सी कूदना,
नीम की डाली पर रस्सी बांध झूला झूलना,
देख मन फिर से छोटी-सी बच्ची बन जाने को करता,
कभी चिड़ियों की चहचहाहट, गिलहरी का भागना,
कोयल का कुहु-कुहु करना मन को भा जाता,
बस मन में यही विचार आता कि काश बचपन फिर लौट आता... 
- साधना

Monday, May 6, 2013

विनती

Krishna-I

कान्हा,
मैं जानती हूँ कभी किसी दिन मुझे इस संसार से
विदा होना होगा सूर्य अस्त हो रहा होगा,
पंछी अपने घरोंदों में लौट रहे होंगे और,
मैं अंधेरों में डूब जाऊँगी
तुमसे सिर्फ इतनी विनती है कि
संसार से जाने के पहले मैं अपने भाव तुम्हें,
समर्पित कर सकूँ, तुम्हारे दर्शन के लिए,
दीप जला सकूँ और एक पुष्प हार बनाकर,
तुम्हें अर्पित कर सकूँ, ताकि मेरा जीवन,
सफल हो जाएँ...
- साधना

Wednesday, May 1, 2013

बीत गया बचपन...

Hand-in-hand into the sunset
बचपन में हर पल प्यार मिला, दुलार मिला अपनों का,
फुर्र-फुर्र उड़ते पंछी-सा बीत गया बचपन,
बचपन के जाते ही जीवन कभी-इधर, कभी-उधर डगमगाने लगा,
सीमित होने लगे पल, दुख-सुख लगे घेरने,
रोक-टोक लगने लगी हर पल,
ये करो-ये ना करो की आवाजें आने लगी,
मन बैचेन होने लगा छटपटाने लगा,
फिर कहीं से स्नेह से भरे बोल सुन बैचेनी खत्म हुई,
जीवन नई तरंगों से भर उठा,
मन आभार प्रकट करने लगा उन स्नेह से भरे शब्दों का,
यदि न मिल पाता स्नेहपूर्ण साथ,
तो जीवन नीरस होकर अतृप्त सा रह जाता...
- साधना