Showing posts with label मन. Show all posts
Showing posts with label मन. Show all posts

Friday, April 14, 2017

मुक्ति की चाह


हर पल मुक्ति की तलाश में भटकता मन
कभी पर्वत की गगनचुम्बी शिखर पर,
कभी झिलमिलाते सितारों से भरे आसमान में,
तारों की झंकार सुन भटक जाता मन,
थक जाती रात और झिलमिल सितारे,
सुनकर आहट चहचहाते पक्षियों की लौट जाती रात,
सो जाते सितारे भोर के सूरज के आने से पहले,
मैं अपनी मुक्ति की राह देखती रहती, सुबह की सुनहरी धूप से 
चमकते गगनचुम्बी शिखरों की ओर अपनी बाहें फैलाए...

- साधना 'सहज'

Thursday, April 7, 2016

बेचैन मन...

व्यस्त जीवन के शोर से मन हर पल बेचैन है,
नींद भी आती नहीं, चेतना भी थक-सी जाती,
मन छटपटाता, अँधेरों में रोशनी नज़र आती नहीं,
तपती गर्म रेत-सा मन तपता रहता, 
मृगतृष्णा में भटकता रहता,
पर बारिश की ठंडी फुहारे नज़र आती नहीं,
ठंडी-ठंडी पवन के इंतज़ार में मन हर पल भटकता,
नर्म गीली मिट्टी पर कदमों के निशान,
बनते ही हर पल बिखरे से नज़र आते,
उलझनों से निकलने की चाह में,
मन और भी उलझता जाता... 
- साधना 'सहज' 

Monday, January 6, 2014

मन की परतें


मेरे मन तू चल,
कभी तेज़-तेज़ कभी मंद-मंद,
कभी मंथर गति से चल।

तू रुकता, रुक जाता जीवन,
देह क्लांत सी हो जाती,
वाणी मौन हो जाती,
उठती शंका-कुशंका,
पर मेरे मन तू उदास न हो।

नभ में चमकते सूरज चंदा और सितारे,
समुद्र में उठने वाली लहरें...
खग-विहग सब के सब तुझे पुकारें।

तू अशांत न हो, तू क्लांत न हो,
तोड़ हर बंधन को,
बस तू बहता चल।

अविरल जल सा, अपनी गति से,
बस झरने सा, निर्झर हो,
झर झर बहता चल...।

- साधना

Saturday, September 7, 2013

अनैतिकता

186 - I'm afraid that someone else will hear me.

मानवता बिक चुकी है,
चारों ओर अराजकता का राज है,
साधू के वेष में शैतानों का बोलबाला है,
इस छल -कपट से भरी दुनिया में,
आस्था-विश्वास जैसे शब्द निरर्थक हो गए हैं,
मन भूल जाना चाहता है ऐसे शब्दों को,
जो अब सिर्फ किताबों में रह गए हैं,
हर तरफ झूठ, अनैतिकता और वहशीपन का बोलबाला है,
मानव इंसानियत खो चुका है, हर तरफ सिसकियों का राज है,
इस आधुनिक समाज का सृजनकर्ता बन,
मानव ने चारों ओर फैला दी है बर्बादी,
जिसमें नई-नई इमारतें,
स्वर्ग से सुन्दर उपवन तो हैं,
पर प्यार, करुणा व दया से भरे हुए इन्सान विलुप्त हो गए हैं,
हर गली चौराहों पर मौजूद है वहशी दरिंदें, जो अपनों को ही लूट-खसोट रहे हैं,
पृथ्वी भी शर्मिंदा हो जल समाधि लेने को उतावली सी है,
ज़रुरत है समर्थ व सक्षम बन अराजकता का संहार करने की…
 - साधना

Sunday, May 12, 2013

मेरी माँ...

मेरी माँ

माँ तुम्हारा होना इस जीवन की बगिया का,
खुशियों से भरा होने का एहसास है,
तुम्हारे संस्कारों की सुगंध से सारी दिशाएँ महक उठती है,
चारों तरफ एक रंगीन-सा वातावरण हो जाता है,
माँ तुम मेरे हर दुख-सुख को समझती हो,
हम कहाँ गए, कहाँ चले-फिरे तुम्हें हर बात का पता होता है,
हजारों दुखों से घिरने पर भी,
मुझे दुख से मुक्ति का मार्ग दिखलाती हो,
माँ तुम्हारा होना इस प्रकृति के रंगों का,
ख़ुशबुओं का एक सुखद एहसास है। 

- साधना

Wednesday, April 24, 2013

मन की छटपटाहट...

Heart Shaped Flowers
मन कभी हँसता, कभी रोता, कभी गाने को करता, 
इस मन की गहराई में कुछ जरूर ऐसा है जो ये हर पल,
भटकता रहता दिखावे के लिए हँस -हँस कर सबसे बातें करता, 
पर अन्तर्मन से एक थकी हुई सी सांस लेता,
कभी बाज के पंजो में फंसी हुई चिड़िया-सा छटपटाता,
कभी चिंता और दुख की आँधी में फंस जाता, 
मन की इस छटपटाहट को दूर करने के लिए,
जब एक आशा की धूमिल-सी किरण नज़र आती,
तब मन सारे दर्द भूल जाता,
मन की बगिया में हजारों रंग-बिरंगे फूल खिल जाते,
मन भोरों की गुनगुनाहट से भर जाता,
फिर अपनी निराशा को दूर करने के लिए,
एक नयी फूलों की बगिया सजाता...
- साधना 

Monday, March 18, 2013

पलाश के फूल

गर्मी का मौसम आते ही,
खिल उठते है चटख रंग के पलाश के फूल,
मन और आँखें तृप्त हो जाती है फूलों को देखकर,
जीवन खुशी से सराबोर हो जाता,
हर पल उत्साह के साथ बासन्ती खुशियाँ मनाता,
भौरों की गुनगुनाहट और चिड़ियों की चहचहाहट को देख वृक्ष भी लहराता,
झूम-झूम कर हर आने-जाने वाले पंछी से बतियाता,
पर जब भी अपनी शाखों को पर्ण-विहीन पाता,
कुछ उदास सा हो जाता,
पर अपने आप को समझता कि खुशी के साथ गम,
मिलन के साथ जुदाई जुड़ी हुई है।
तभी एक नया पंछी डाल पर बैठ कर चहचहाता
और पलाश अपना गम भूल जाता...
- साधना

Friday, March 15, 2013

मानव या दानव

Good and evil

अरे मानव! तू क्यों हर पल दानव बनता जा रहा हैं,
ईश्वर ने तुझे बहुत सोच समझकर प्यार और विश्वास के साथ बनाया था,
अपनी अनुपम कलाकृति समझ वह भी मन ही मन मुस्कुराया था,
पर तूने उस ईश्वर के अरमानों पर पानी फेर दिया,
प्यार, विश्वास, भाईचारे को छोड़ तू हर पल,
दानव बन कहीं आगजनी, विस्फोट व बलात्कार,
जैसे महाघोर पापों में लिप्त हो गया
इंसानियत को भूल वहशी, पापी, दरिंदा बन गया
अरे मानव! तू अपने गुनाहों को छोड़ फिर से इंसान बनने की कोशिश कर,
वरना वह दिन दूर नहीं जब प्रलय की आँधी आएगी,
और तेरा नामोनिशां मिटा चली जाएगी। 
- साधना 

Friday, March 8, 2013

नारी शक्ति

Devi Durga

नारी तुम सदा वंदनीय हो!!
तुम्हारा पूरा जीवन एक कठिन तपस्या हैं,
वेदों के अनुसार तुम्हें पूजा स्थल में बैठ यज्ञ करने
की कोई ज़रूरत नहीं क्योंकि तुम अपने परिवार व समाज की
हर ज़रूरत को पूरा करती हो।
अन्नपूर्णा बन सबकी भोजन क्षुधा शांत करती,
कभी बहन बन भाई की लंबी उम्र व शांतिपूर्ण जीवन की दुआ मांगती,
कभी प्रेयसी बन अपने प्रियतम को रीझाती,
कभी सुशील बहू बन अपने सास-ससुर की सेवा कर अनेकों आशीष पाती,
संतानों को जन्म दे वंश को आगे बढ़ाती,
बच्चों पर अपना प्यार न्योछावर कर
उन्हें प्रेम व सद्व्यवहार करना सिखाती,
तुम्हारे हर रूप के आगे देवता भी नतमस्तक हैं,
तुम्हारी व्यापकता में खो जाना चाहते हैं,
इसलिए हे नारी! तुम्हें अपनी छवि को हमेशा
साफ-सुथरा व उज्जवल बनाए रखना होगा,
ताकि तुम सदा वंदनीय बनी रहो।
- साधना


नारी तुम शक्ति हो,
घर में हो तो गृहलक्ष्मी, धर्मपत्नी कहलाती हो
संतान की जननी होने से माँ कहलाती हो
कहीं पुत्री, कहीं बहू,
अनंत रूपों को धारण कर
तुम परिवार को, इस संसार को चलाती हो
माँ स्वरूप में अपने बच्चों के
हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की कामना करती हो
सुख-दुख मे उनके साथ रहती हो सदा
संस्कार देकर अच्छे उन्हे सदाचार सिखाती हो
परिवार पर कोई कष्ट न आए इसलिए
पूजा, प्रार्थना, व्रत, उपवास कर
हर अनिष्ट को दूर रखना चाहती हो
तन से भले ही थक जाओ
पर मन से सशक्त हो
परिवार की हर ज़रूरत पूरी करती हो
इस सब पर भी इस कलयुग में
अपयश और अपमान ही तुम्हारे हिस्से आता है
कहने को सबकुछ तुम्हारा होता है
फिर भी तुम सदा खाली हाथ रहती हो
इस समाज से प्रार्थना है मेरी
वे नारी का अपमान ना करें
क्योंकि नारी तुम ही तो
दुर्गा, राधा, लक्ष्मी का रूप हो

- साधना

Saturday, March 2, 2013

भिक्षुक

The begger
दरवाजे पर आहट हुई लगा कोई आया,
देखा एक बुजुर्ग इंसान हाथ में कटोरा ले पुकार रहा था,
पेट की अग्नि को शांत करने के लिए कुछ मांग रहा था,
मन बेचैन हो उठा, लगा मेरे पास देने को
आंसुओं के अलावा कुछ भी न था,
जीवन एक भिक्षु की तरह ही गुजर गया,
हमेशा कुछ न कुछ प्रभु से और अपनों से मांगते ही रहे,
माँगते-माँगते ही जीवन गुज़र गया,
जीवन भर फिर भी संतुष्ट न हो सके,
लगा हम दोनों के हालात एक जैसे है,
पर दिल की बातें किसी से कह न सके
और जीवन यूं ही गुज़र गया...   
- साधना