Showing posts with label kanha. Show all posts
Showing posts with label kanha. Show all posts

Monday, June 24, 2013

मेरा मन...

krishna

कान्हा,
मेरा मन करुण क्रंदन कर,
दुख भरी आवाज़ से तुम्हें पुकारता है,
मेरे मन की हलचल में,
दुख भरे आँसू है,
तुमने वचन दिया था कि,
जब भी यह संसार दुखों में डूब रहा होगा,
धर्म अधर्म में बदलने लगेगा,
तुम रूप बदलकर लौट आओगे,
इस संसार कि डूबती नैया पार लगाने,
मैं ये भी जानती हूँ, 
दुखों से दूर भागना,
दुख दूर करने का हल नहीं है,
स्वयं सामना करना होगा,
तभी सुख लौटेगा,
फिर भी आंसुओं से डबडबाई,
आँखों से मैं तुम्हारी राह तकती रहती हूँ...   

- साधना  

Monday, May 6, 2013

विनती

Krishna-I

कान्हा,
मैं जानती हूँ कभी किसी दिन मुझे इस संसार से
विदा होना होगा सूर्य अस्त हो रहा होगा,
पंछी अपने घरोंदों में लौट रहे होंगे और,
मैं अंधेरों में डूब जाऊँगी
तुमसे सिर्फ इतनी विनती है कि
संसार से जाने के पहले मैं अपने भाव तुम्हें,
समर्पित कर सकूँ, तुम्हारे दर्शन के लिए,
दीप जला सकूँ और एक पुष्प हार बनाकर,
तुम्हें अर्पित कर सकूँ, ताकि मेरा जीवन,
सफल हो जाएँ...
- साधना

Tuesday, January 15, 2013

प्रिय बांसुरी

Krishna-II
कान्हा! 
मैं तुमसे तुम्हारी सबसे प्रिय बांसुरी सिर्फ 
एक दिन के लिए लेना चाहती हूँ,
उसे अपने हाथों में ले उसको चूमना चाहती हूँ,
कभी गोद में रखकर, कभी हवा में लहराकर,
उसको महसूस करना चाहती हूँ,
कभी अपने अधरों से लगा सुरीली तान छेड़ना चाहती हूँ,
शाम ढलने पर उसकी धूप-दीप कर स्तुति करना चाहती हूँ,
पारिजात के सुगंधित फूलों से सजाकर
तुम्हें वापस करना चाहती हूँ ताकि
तुम चाँदनी रात में बांसुरी की मधुर तान
सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर सको
- साधना

Wednesday, December 12, 2012

प्रार्थना

Praying hands
हे कान्हा! जब मन के सारे भाव डूब जाए,
मन की सारी आशाएँ कुम्हला जाए,
तब तुम दया के सागर बन आ जाना,
जब जीवन की सारी मधुरता मरुभूमि में बदलने लगे,
तो तुम मेघ बन जल बरसाना,
जब मन सांसारिक भावों में उलझ जाए,
तब तुम प्रभु शांति का भाव देने चले आना,
जब कोई मेरा अपना न हो,तब मेरे प्यारे प्रभु, 
तुम अपने ह्रदय के समीप मुझे बुला लेना,
कान्हा! तुम मेरे जीवन के पथ प्रदर्शक बनकर,
मेरे जीवन रूपी रथ को पार लगा देना,
ताकि मुझे मोक्ष मिल सके व शांति- परमशांति... 
-साधना