Showing posts with label thoughts. Show all posts
Showing posts with label thoughts. Show all posts

Wednesday, August 28, 2013

ज़िंदगी

Indian Classical Dance

साँसों की लय पर नाचती ज़िंदगी
एक सुंदर नर्तकी सी नज़र आती
आल्हादित होने पर
झूम-झूम कर, नृत्य कर

घुँघरूओं के मधुर स्वर,
लय व ताल से जीवंत हो उठती
ज़िंदगी, जिसका एक पाँव धरती पे,
तो दूसरा आकाश पर नज़र आता,
घुँघरूओं के मधुर स्वर में,
झर-झर झरते झरनों की आवाज़ सुनाई देती,
नृत्य की भाव-भंगिमाओं में डूबी ज़िंदगी,
लहराती, बलखाती और इठलाती नज़र आती
नृत्यांगना के हर अंदाज़ में
नवजीवन से भरी नज़र आती ज़िंदगी...
- साधना

Wednesday, June 19, 2013

कर्म और जीवन

Keep walking

हमारा जीवन निरंतर गतिशीलता का प्रमाण है। जिसमें हमें सदा आगे ही आगे चलना होता है। हर पल सजगता को अपनाकर प्रगति-पथ पर चलना होता है। जरा भी हिचकिचाहट में कदम पीछे खींचने पर गति थमने लगती है, पर अवचेतन मन सदा सजग रहता है। वह हमारी उसी भूल को जीवन की सीख बना देता है, ताकि हम अगली बार बिना गलती करे अपने हर कार्य को सम्पूर्ण तन्मयता से कर पाएँ। हमारी आकांक्षाएँ न तो बहुत ज्यादा होनी चाहिए और न बहुत कम। आकांक्षाएँ अधिक होने पर पूरी नहीं हो पाएँगी और हम दुखी हो जाएंगे। इसलिए मध्यम मार्ग को अपना कर शांत मन से हमें अपने जीवन-पथ पर आत्मविश्वास के साथ अग्रसर होना चाहिए।
-साधना

Sunday, January 27, 2013

रिश्ते

Don't Let Go.
रिश्तों के रंग अजीब होते है,
यह सिर्फ एक एहसास है जिन्हें महसूस किया जाता है,
ये कभी बारिश बन हमें सुकून देते हैं,
कभी भीगी लकड़ी की तरह जल कड़वा धूँआ देते,
तन-मन को भिगोकर दुख में अपने बन जाते,
कहीं कोई अपना पराया न हो जाये, 
इस अंजाने डर से डरा जाते,
यही सोच-सोच कर ज़िंदगी चलती रहती,
नये-नये रिश्ते-नातों में हम जीवन ढूंढते रहते,
रिश्ते यूं ही उलझ जाते और मन कड़वाहट से भर उठता,
तो कही से फिर नयी सुगंध आती,
जब सूरज ढल जाता तो मन यादों में डूब गमगीन हो जाता,
पर सुबह के आते ही मन फिर मुस्कुराने लगता,
ज़िंदगी सवाल बन हर पल नये जवाब मांगती,
दो पल के लिए रिश्तों से दूर होकर शांत भाव से
मनन करने पर ज़िंदगी फिर खूबसूरत हो जाती।
- साधना

Friday, January 18, 2013

विचार

The Thinker.
मन के विचार गतिशील नदिया से बहते जाते,
कभी इस पार तो कभी उस पार टकराते,
कभी मझधार में डूबकर वही रुक जाते,
कभी शांत भाव से धीमे-धीमे बह जाते,
अचानक विचारों की बाढ़ आने पर प्रलय ले आते,
कभी गहनता में डूबकर नदी के तल में डूब सहज हो जाते,
कभी छोटी-छोटी मछलियों की तरह चंचल हो जाते,
कभी किसी गंभीर समस्या के कारण
विशाल मगरमच्छ की तरह मुंह फाड़ कर परेशान करते,
कभी नदी किनारे खड़े बगुले की तरह
समाधि लगा स्थिरभाव हो जाते,
मन के विचारों को सही जगह पर गतिशील करना होगा
ताकि जीवन की नैया सहजता से पार हो जाये
- साधना