Showing posts with label life. Show all posts
Showing posts with label life. Show all posts

Tuesday, April 2, 2019

जिंदगी...

                     
 


जिंदगी देती हैं हमें बहुत प्यारी और खुशनमा चीज़ें,
सुमधुर संगीत समुन्दर की लहरों-सा,
सूरज की तपन के बाद मिट्टी से उठती सौंधी महक,
खुला अनंत तक फैला आसमान,
चहचहाते पक्षी, चाँद-तारों से भरी रात,
नज़र भर कर इन सब खुशनुमा चीज़ों के साथ,
सजाते हम अपने सुनहरे ख्वाब,
क्लेश और कलह से भरे जीवन से तो
बेहतर है प्रकृति का साथ
पलभर के लिए भूलकर
उलझनों से भरे इस जीवन को
झूम उठो प्रकृति के साथ...

-- साधना 'सहज'


Tuesday, December 2, 2014

जिंदगी...














सोचा न था जिंदगी इतनी उलझनों से भरी होगी
हर कदम पर मुसीबतें होंगी 
अपनों से इतने गम मिलेगें कि दुश्मनों की जरुरत ही न होगी
जिंदगी का हर लम्हा डर के साए से होकर गुजरता है,
न जाने किस मोड़ पर जिंदगी डगमगा जाये
और कोई अपना दूर तक नज़र न आये
दर्द के सायों में गुम हो ये जिंदगी,
ऐसे ही एक दिन हमेशा के लिए गुजर जाए...
- साधना 

Wednesday, August 28, 2013

ज़िंदगी

Indian Classical Dance

साँसों की लय पर नाचती ज़िंदगी
एक सुंदर नर्तकी सी नज़र आती
आल्हादित होने पर
झूम-झूम कर, नृत्य कर

घुँघरूओं के मधुर स्वर,
लय व ताल से जीवंत हो उठती
ज़िंदगी, जिसका एक पाँव धरती पे,
तो दूसरा आकाश पर नज़र आता,
घुँघरूओं के मधुर स्वर में,
झर-झर झरते झरनों की आवाज़ सुनाई देती,
नृत्य की भाव-भंगिमाओं में डूबी ज़िंदगी,
लहराती, बलखाती और इठलाती नज़र आती
नृत्यांगना के हर अंदाज़ में
नवजीवन से भरी नज़र आती ज़िंदगी...
- साधना

Wednesday, June 19, 2013

कर्म और जीवन

Keep walking

हमारा जीवन निरंतर गतिशीलता का प्रमाण है। जिसमें हमें सदा आगे ही आगे चलना होता है। हर पल सजगता को अपनाकर प्रगति-पथ पर चलना होता है। जरा भी हिचकिचाहट में कदम पीछे खींचने पर गति थमने लगती है, पर अवचेतन मन सदा सजग रहता है। वह हमारी उसी भूल को जीवन की सीख बना देता है, ताकि हम अगली बार बिना गलती करे अपने हर कार्य को सम्पूर्ण तन्मयता से कर पाएँ। हमारी आकांक्षाएँ न तो बहुत ज्यादा होनी चाहिए और न बहुत कम। आकांक्षाएँ अधिक होने पर पूरी नहीं हो पाएँगी और हम दुखी हो जाएंगे। इसलिए मध्यम मार्ग को अपना कर शांत मन से हमें अपने जीवन-पथ पर आत्मविश्वास के साथ अग्रसर होना चाहिए।
-साधना

Wednesday, May 1, 2013

बीत गया बचपन...

Hand-in-hand into the sunset
बचपन में हर पल प्यार मिला, दुलार मिला अपनों का,
फुर्र-फुर्र उड़ते पंछी-सा बीत गया बचपन,
बचपन के जाते ही जीवन कभी-इधर, कभी-उधर डगमगाने लगा,
सीमित होने लगे पल, दुख-सुख लगे घेरने,
रोक-टोक लगने लगी हर पल,
ये करो-ये ना करो की आवाजें आने लगी,
मन बैचेन होने लगा छटपटाने लगा,
फिर कहीं से स्नेह से भरे बोल सुन बैचेनी खत्म हुई,
जीवन नई तरंगों से भर उठा,
मन आभार प्रकट करने लगा उन स्नेह से भरे शब्दों का,
यदि न मिल पाता स्नेहपूर्ण साथ,
तो जीवन नीरस होकर अतृप्त सा रह जाता...
- साधना

Monday, April 15, 2013

तुम्हारी आँखें...

couple-hold-hands-in-silhouette-at-sunset-16nov2008

तुम्हारी आँखें कुछ कहती है, आँखों में प्यार और
विश्वास छुपा है, और कुछ सतरंगी सपने,
मेरा दिल चाहता है तुम्हारी हर तमन्ना पूरी हो,
तुम्हारी भीगी सी नम आँखों से बहने वाले
आँसू में पोंछना चाहती हूँ,
तुम्हारे कहे-अनकहे हर स्वप्न को,
जो तुम्हारी आँखों में तैरते है,
इंद्रधनुष बन आँखों में उतरते है, उन्हे पूरा करना चाहती हूँ,
तुम्हारा विश्वास जीत मैं तुम्हें अपना बनाना चाहती हूँ,
ताकि जीवन के सुनहरे पथ में कोई बाधा न आने पाये...
- साधना

Wednesday, April 10, 2013

समय

sandglass
समय मुट्ठी से फिसलती रेत की तरह बीतता जाता,
मन खुशियों से भरा रहे तो समय उड़ती हुई चिड़िया
की तरह बीतता जाता, दुख आने पर आलसी अजगर
की तरह रेंग-रेंग कर बीतता, समय हमें ज़िंदगी जीना सिखाता,
समय से बड़ा शिक्षक कोई नहीं,
समय जीवन की कीमत करना सिखाता है,
नाम रोशन होने पर या गुमनामी के अँधेरों में
खोने का समय ही साक्षी होता है,
समय के साथ चलने वाले इतिहास रचते हैं,
समय को चलाने वाले इतिहास पुरुष बन जाते हैं।
- साधना

Thursday, February 28, 2013

पृथ्वी

green spread...
ये पृथ्वी जीवन का आधार हैं,
पृथ्वी जल का भी आधार हैं,
सम्पूर्ण विश्व को अपने ममता भरे आँचल में आश्रय देती,
नित नए वृक्षों फूलों से श्रृंगार कर हर पल नए रूप बदलती,
लहलहाती हरीतिमा की चादर ओढ़ मन में शांति का भाव जगाती,
कहीं केसर की क्यारी बन अपनी खुशबू बिखराती,
कहीं झरनों की कल-कल से आगे बढने का संदेश दे जाती,
कभी सरसों के पीले फूलों की चुनर ओढ़ कर नई दुल्हन सी लगती,
कभी गेहूं-ज्वार की पकी बालियों के दानों से हम सबका पोषण करती,
यही पृथ्वी कुछ लोगों को राजा बना उन्हें यश व सम्मान देती,
और किन्हीं को रंक बना मजदूर बना देती,
ये पृथ्वी नित नए रंग बदलती,हर मन में नई आशा का संचार करती,
जब भी लालिमा लिए सूरज धरती पर आता हैं,
जीवन में नया जोश भर जाता हैं,
ये पृथ्वी हमारे जीवन की साक्षी बन अंत समय में,
हमें अपने आप में विलीन कर लेती,
हे मानव! तुझसे प्रार्थना हैं कि तू दानव बन इस सुंदर धरती का,
स्वार्थसिद्धि के लिए विनाश न कर,
जो माँ बनकर तुझे अपनी गोद में आश्रय देती हैं,
तू हर पल उसका सम्मान कर.... 
- साधना


Monday, February 25, 2013

खरगोश और मेंढक



honey bunny
खरगोश बहुत दुर्बल और डरपोक प्राणी होते हैं। बलवान जानवर उन्हें देखते ही मारकर खा जाते हैं। इस अत्याचार के कारण खरगोशों ने आपस में सलाह करके निश्चय किया कि हमेशा भयभीत रहकर जीने से अच्छा है कि प्राण त्याग दिये जाएँ। 

ऐसी प्रतिज्ञा करने के बाद सभी खरगोश पास के तालाब में कूदकर प्राण देने की इच्छा से इकट्ठे हुए। तालाब के किनारे पर पहुँचने पर खरगोशों ने देखा तालाब किनारे मेंढक बैठे हुए हैं। खरगोशों के पहुँचते ही सारे मेंढक तालाब में कूद पड़े। 

यह देखकर खरगोशों का नेता बोला- मित्रों! हम लोगों को इतना डरने की और अपने आप को असहाय समझने की ज़रूरत नहीं हैं। कुछ प्राणी ऐसे भी है जो हमसे भी दुर्बल और डरपोक हैं अतः हमें प्राण त्यागने की ज़रूरत नहीं हैं।

इसलिए हमारे जीवन में कितनी भी परेशानी आ जाए हमें निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि ऐसे अनेक लोग मिल जाएंगे जिनकी हालत हमसे भी ज्यादा खराब हैं बल्कि हमें कमजोर लोगों के प्रति सद्भावना रखनी चाहिए ताकि हम अपनी कठिनाइयों को भूल कर आगे बढ़ सकें। 
-(संत ईसप की नीतिकथाओं से प्रस्तुत)