Showing posts with label pralay. Show all posts
Showing posts with label pralay. Show all posts

Wednesday, July 10, 2013

जल-प्रलय

while going to kedarnath-- INDIA

विशाल पर्वत खंड-खंड हो
बह गए जल प्रलय के साथ,
स्तब्ध रह गयी दुनिया
देख प्रलय का हाल,
प्रकृति मौन रह सहती रही
सदियों से मानव का हर मजाक,
कहीं पेड़ों की अंधाधुंध
कटाई कहीं पर्वतों की छँटाई,
कभी धरती का सीना चीरती सुरंगें,
परिवर्तन कर विकास करने की जिद,
परिवर्तन आया आसान हुई हर राह,
मानव खुद को समझ बैठा भगवान,
पर प्रकृति और न सह सकी ये क्रूर मजाक,
उसकी छटपटाती आत्मा व नयनों से निकली जल-धारा
रौद्र रूप रख बह चली, ले विनाश का रूप,
पल भर में चारों और वीरानगी छा गई,
अपने, अपनों से सदा के लिए बिछुड़ गए,
कुछ राजा थे, रंक हो गए,
लाशों से पट गयी देवभूमि,
बिन बताए आये प्रलय ने कर डाला सर्वनाश,
प्रकृति बिन मांगे ही
सहज भाव से हमें देना चाहती थी प्यार-दुलार,
पर स्वार्थी मानव अपनी हठ में समझ न सका
प्रकृति का निर्मल प्यार-दुलार...

- साधना

Friday, March 15, 2013

मानव या दानव

Good and evil

अरे मानव! तू क्यों हर पल दानव बनता जा रहा हैं,
ईश्वर ने तुझे बहुत सोच समझकर प्यार और विश्वास के साथ बनाया था,
अपनी अनुपम कलाकृति समझ वह भी मन ही मन मुस्कुराया था,
पर तूने उस ईश्वर के अरमानों पर पानी फेर दिया,
प्यार, विश्वास, भाईचारे को छोड़ तू हर पल,
दानव बन कहीं आगजनी, विस्फोट व बलात्कार,
जैसे महाघोर पापों में लिप्त हो गया
इंसानियत को भूल वहशी, पापी, दरिंदा बन गया
अरे मानव! तू अपने गुनाहों को छोड़ फिर से इंसान बनने की कोशिश कर,
वरना वह दिन दूर नहीं जब प्रलय की आँधी आएगी,
और तेरा नामोनिशां मिटा चली जाएगी। 
- साधना 

Friday, December 28, 2012

प्रलय - १६ दिसम्बर २०१२

Candle Light
कौन कहता है कि
प्रलय का दिन आकर गुज़र गया
प्रलय आया भी तो ऐसे कि
सभ्य समाज की नींव हिल उठी
काँप उठी मानवता
वहशीपन व संस्कारहीन राक्षसों के कुकर्मों से
प्रलय का निशाना बनी एक नाज़ुक प्यारी सी बेटी
अचानक सभी बेटियों के माँ-बाप सहम गए
इस पुरुष प्रधान समाज में
स्त्री का वज़ूद खतरे में है
समाज को पालने वाली स्त्री ही
बेसहारा है, कमजोर है
पुरुषों के वर्चस्व वाले समाज में
स्त्री के वजूद को बचाना होगा
किसी नए प्रलय के आने से पहले
उसका हल निकालना होगा
हर रात के बाद सुबह आती है यही सोचकर
इस समाज को सोते से उठाना होगा
यह प्रलय फिर लौटने का दुस्साहस ना करे
इसीलिए हर स्त्री को तन-मन से सशक्त बनाना होगा
- साधना