Showing posts with label woman. Show all posts
Showing posts with label woman. Show all posts

Wednesday, September 30, 2015

नारी अधिकार...


नारी तुम कोमल हो, त्याग, पवित्रता, 
ममता की मूरत हो,
प्रेम से हर मन को जीत, 
बड़ी से बड़ी विपदा का सामना करती हो,
अपनी मानसिक शक्ति को दृढ कर, 
तुम जीवन की हर बाधा को हरा देती हो,
अथक परिश्रम से तुम हर राह को
आसान बना देती हो,
लेकिन पुरुष के दैहिक बल के आगे, 
तुम निरीह बन जाती,
तुम्हे अपने अधिकार पूर्ण रूप से 
नहीं देना चाहता ये समाज,
पर अब देना ही होगा समानता का, 
स्वतंत्रता का अधिकार
अन्यथा नारी की तीसरी दृष्टि 
खुलने पर मच जायेगा हाहाकार...
-साधना

Friday, January 23, 2015

नारी जीवन...


नन्ही सी किलकारी गूंजी घर आँगन में जन्म हुआ कन्या का...
धीरे-धीरे बड़ी हुई माता-पिता, भाई के प्यार दुलार में,
अनुशासन में बंध बड़ी हुई,
ब्याह हुआ हुई पराई, 
पति और ससुराल के नियमों में बंध निकला जीवन,
पुत्रवती हो बड़ी प्रसन्न हुई
पर अब था पुत्र का बंधन
हर पल नारी जीवन में सिर्फ बंधन ही बंधन,
चाह कर भी कभी जी न सकी वो मुक्त जीवन...
- साधना 

Saturday, April 6, 2013

मजबूर माँ

India on the road, a woman constructor, India, 2001
सूरज के निकलते ही एक माँ निकल पड़ती है,
अपने मासूम बच्चे की अंगुली थाम और,
एक नन्ही जान को पीठ पर बाँध मजदूरी करने के लिए। 
वहीं कहीं सड़क किनारे एक कपड़े की झोली बना,
किलकारी भरती नन्ही जान को झोली में डाल,
दुलारती-पुचकारती झूला झूलाकर उसे बहलाती,
दिनभर तपती धूप में पसीना बहा बच्चों
के भविष्य के लिए धन कमाती। 
साँझ ढलते ही लौट पड़ती अपने घरोंदे की तरफ,
फिर रात के अंधेरे सायों में देखती,
मासूम बच्चों के बेहतर जीवन के स्वप्न... 
- साधना

Friday, March 8, 2013

नारी शक्ति

Devi Durga

नारी तुम सदा वंदनीय हो!!
तुम्हारा पूरा जीवन एक कठिन तपस्या हैं,
वेदों के अनुसार तुम्हें पूजा स्थल में बैठ यज्ञ करने
की कोई ज़रूरत नहीं क्योंकि तुम अपने परिवार व समाज की
हर ज़रूरत को पूरा करती हो।
अन्नपूर्णा बन सबकी भोजन क्षुधा शांत करती,
कभी बहन बन भाई की लंबी उम्र व शांतिपूर्ण जीवन की दुआ मांगती,
कभी प्रेयसी बन अपने प्रियतम को रीझाती,
कभी सुशील बहू बन अपने सास-ससुर की सेवा कर अनेकों आशीष पाती,
संतानों को जन्म दे वंश को आगे बढ़ाती,
बच्चों पर अपना प्यार न्योछावर कर
उन्हें प्रेम व सद्व्यवहार करना सिखाती,
तुम्हारे हर रूप के आगे देवता भी नतमस्तक हैं,
तुम्हारी व्यापकता में खो जाना चाहते हैं,
इसलिए हे नारी! तुम्हें अपनी छवि को हमेशा
साफ-सुथरा व उज्जवल बनाए रखना होगा,
ताकि तुम सदा वंदनीय बनी रहो।
- साधना


नारी तुम शक्ति हो,
घर में हो तो गृहलक्ष्मी, धर्मपत्नी कहलाती हो
संतान की जननी होने से माँ कहलाती हो
कहीं पुत्री, कहीं बहू,
अनंत रूपों को धारण कर
तुम परिवार को, इस संसार को चलाती हो
माँ स्वरूप में अपने बच्चों के
हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की कामना करती हो
सुख-दुख मे उनके साथ रहती हो सदा
संस्कार देकर अच्छे उन्हे सदाचार सिखाती हो
परिवार पर कोई कष्ट न आए इसलिए
पूजा, प्रार्थना, व्रत, उपवास कर
हर अनिष्ट को दूर रखना चाहती हो
तन से भले ही थक जाओ
पर मन से सशक्त हो
परिवार की हर ज़रूरत पूरी करती हो
इस सब पर भी इस कलयुग में
अपयश और अपमान ही तुम्हारे हिस्से आता है
कहने को सबकुछ तुम्हारा होता है
फिर भी तुम सदा खाली हाथ रहती हो
इस समाज से प्रार्थना है मेरी
वे नारी का अपमान ना करें
क्योंकि नारी तुम ही तो
दुर्गा, राधा, लक्ष्मी का रूप हो

- साधना

Wednesday, March 6, 2013

माँ















माँ तुम्हारे सामने युग-युग के मस्तक झुक जाते,
तुम्हारी ममता के आगे संसार की हर गति रुक जाती,
तुम्हारी व्यापकता में ईश्वर स्वयं डूबना चाहते,
तुम्हारी हर मुस्कान पर सब न्योछावर हो जाते,
माँ तुम्हारी रचना में प्रभु का सारा वैभव चुक जाता,
माँ तुम्हारी ममता की मिठास में डूब मन स्थिर हो जाता,
तुम्हारे आँचल की छाँव में मन सुकून से भर जाता,
तुम्हारे हाथों से भोजन का निवाला पा मन अमृत-सा तृप्त हो जाता,
तुम्हारा विश्वास मेरे अन्तर्मन के विश्वास को प्रबल बनाता,
माँ मैं तुम्हारे हर रूप का पूजक हूँ,
हर हाल में युग-युग तक मैं तुम्हारी ही पूजा करना चाहता हूँ। 
- साधना

Sunday, December 30, 2012

एक पत्र...

30.01.2012 - Letters
दामिनी,
         तुम आखिर हमारा साथ छोड़ चली गई। तुम्हारी इतनी यातनाओं के बाद भी जीने की इच्छा थी क्योंकि तुम्हारे अवचेतन मन में माता-पिता का प्यार जो था। तुम उनकी व इस समाज की सेवा करना चाहती थी।  जिन ममता भरे हाथों ने तुम्हें थपकियाँ देकर प्यार से चूमकर सुलाया था। तुम्हारी नन्ही हथेलियों को पकड़ कर चलना सिखाया था। हर पल तुम्हारे उज्ज्वल भविष्य के सपने देखे थे। उन्ही पलों को याद कर तुम जीना चाहती थीं। पर इस समाज में पल रहे वहशी दरिंदों ने उन सारे सपनों को चकनाचूर कर दिया। तुम मौत से अपनी ज़ंग हार गईं। पर शायद तुम्हारी हारी हुई ज़ंग ने समाज के अवचेतन मन को जगा दिया। शायद तुम्हारी यही बुलंद आवाज़ इस समाज से वहशीपन, दरिंदगी को मिटा सके। हर कुकर्मी को उसके पापों की सज़ा दिला सके ताकि फिर किसी माता-पिता से उनकी लाड़ली बिछड़ने ना पाये। तुम्हारा मौन भी मुखर हो हर व्यक्ति की आवाज़ बन जाये, यही कामना है।
- साधना

Friday, December 28, 2012

प्रलय - १६ दिसम्बर २०१२

Candle Light
कौन कहता है कि
प्रलय का दिन आकर गुज़र गया
प्रलय आया भी तो ऐसे कि
सभ्य समाज की नींव हिल उठी
काँप उठी मानवता
वहशीपन व संस्कारहीन राक्षसों के कुकर्मों से
प्रलय का निशाना बनी एक नाज़ुक प्यारी सी बेटी
अचानक सभी बेटियों के माँ-बाप सहम गए
इस पुरुष प्रधान समाज में
स्त्री का वज़ूद खतरे में है
समाज को पालने वाली स्त्री ही
बेसहारा है, कमजोर है
पुरुषों के वर्चस्व वाले समाज में
स्त्री के वजूद को बचाना होगा
किसी नए प्रलय के आने से पहले
उसका हल निकालना होगा
हर रात के बाद सुबह आती है यही सोचकर
इस समाज को सोते से उठाना होगा
यह प्रलय फिर लौटने का दुस्साहस ना करे
इसीलिए हर स्त्री को तन-मन से सशक्त बनाना होगा
- साधना