Showing posts with label नवरात्र. Show all posts
Showing posts with label नवरात्र. Show all posts

Thursday, October 10, 2013

माँ भ्रामरी देवी की कथा


पूर्व समय की बात है, अरुण नाम का एक दैत्य था। वह बड़ा नीच था, उसके मन में देवताओं को जीतने की इच्छा उत्पन्न हो गई। उसने कठोर तप किया, तब उसके शरीर से प्रचंड अग्नि निकली, जिससे सभी प्राणियों के मन में आतंक छा गया। उसकी  कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्माजी ने उसे वर मांगने को कहा। अरुण ने जब आँखे खोली, तो सामने ब्रह्माजी को पाया। उसने ब्रह्माजी से वर माँगा ''मैं कभी मरुँ नहीं '' ब्रह्माजी  ने समझाया जन्म लेने वाले का मरना निश्चित है, यही जीवन का सिद्धांत है। तुम कोई दूसरा वर मांग लो।

तब अरुण ने कहा -''प्रभो अच्छी बात है, फिर आप मुझे ऐसा वरदान दीजिये कि मैं न युद्ध में मरुँ, न किसी अस्त्र -शस्त्र से, न स्त्री-पुरुष से, न ही दो पैर, चार पैर वाले प्राणी मुझे मार सके और मुझे ऐसा बल दीजिये कि मैं समस्त देवताओं को जीत सकूँ। तब ब्रह्माजी तथास्तु कह कर ब्रह्मलोक को चले गए। दैत्य अरुण ने अपने बल से सभी लोकों पर विजय प्राप्त की और सभी को सताने लगा। समस्त देवता अरुण से व्यथित होकर उसे परास्त करने का विचार करने लगे। तभी आकाशवाणी हुई कि तुम सभी भगवती की आराधना करो, वे ही तुम्हारा कार्य सिद्ध करेंगी, साथ ही दैत्य अरुण को गायत्री जप से विरत करना होगा।

तब ब्रहस्पति जी ने मायाबीज का जप करके तपस्या पूर्ण की, जिससे उन्हें तेज और शक्ति पुनः प्राप्त हुई। तत्पश्चात वे दैत्य अरुण के पास जाकर बोले - जिन देवी की तुम उपासना करते हो, मैं भी उन्ही की उपासना करता हूँ। बल के अभिमान और देव माया से मोहित होकर अरुण कहने लगा - आज से मैं गायत्री की उपासना नहीं करूँगा और उसने तपस्या करना छोड़ दिया। गायत्री जप का त्याग करते ही अरुण निस्तेज हो गया। कुछ समय बीतने के बाद जगत का कल्याण करने वाली माँ भगवती जगदम्बा प्रगट हुई। उनके श्रीविग्रह से करोड़ों सूर्यों का प्रकाश फ़ैल रहा था, उनकी मुठ्ठी में अद्भुत भ्रमर भरे हुए थे। सभी देवताओं ने उनकी स्तुति की। देवी ने उन भ्रमरों को चारों और फैला दिया, उन सभी भ्रमरों ने जाकर राक्षसों की छाती छेद डाली। इस तरह ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई कि न युद्ध हुआ, न किसी की परस्पर बातचीत हुई और शक्तिशाली दानव नष्ट हो गए। इस प्रकार माँ भ्रामरी देवी का प्रादुर्भाव हुआ।
 
- धार्मिक ग्रंथों से प्रस्तुत

Saturday, October 5, 2013

शक्ति

Hat tala para Durga thakur

हे देवी माँ , तुम महाशक्ति हो,
इस विश्व की जननी और पालनहार भी तुम ही हो,
यह संसार एक रंगमंच है तुम उसकी रचयिता,
तुम्हारी मधुर मुस्कान में सम्पूर्ण विश्व डूब जाता है,
क्योंकि तुम सबकी आँखों पर मोह की पट्टी बाँध कर,
सबको कठपुतलियों सा कुशल नट की भाँति नचाती हो,
आत्मा परमात्मा को भूल मनुष्य इच्छाओं के समुद्र में डूब जाता है,
गर्त में डूबता जाता है और कभी सुखी नहीं हो पाता,
दुखी होकर भी सुखी होने का अभिनय करता है,
पर फिर भी जीवन का सबसे बड़ा सच तो यही है,
कि खुश हैं सिर्फ ये धरती, आकाश,
नदिया, गहरा समुन्दर और तपता सूरज,
क्योंकि ये सब ही सत्य हैं….
- साधना

Saturday, April 13, 2013

एक आस...


दरवाजे पर पुष्प लिए कब से खड़ी हूँ माँ,
तुम्हारे सुंदर सलोने मुखड़े की आस में,
तुम्हारी पायल की मधुर रुनझुन सुनने को,
माँ तुम सदा-सदा के लिए सुख-समृद्धि बरसाने को आ जाना,
मेरा आँचल जो मैं तुम्हारे सामने फैला कर खड़ी हूँ,
उसमें बसी हर आस को तुम्हें अर्पित करती हूँ,
तुम मेरी हर आशा को विश्वास के साथ उजव्वल व आभामय बना देना,
ताकि मेरा संसार और भी आभामय हो जाए।
- साधना

Thursday, April 11, 2013

वासंतिक नवरात्र


आज चैत्र मास के शुक्लपक्ष की प्रतिपदा तिथि से नवसंवत्सर का आरंभ होता है। आप सभी को इस अवसर पर बहुत-२ शुभकामनाएं। इस पर्व के महत्व को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से मैं यह लेख लिख रही हूँ। आशा है यह  लेख आपको पसंद आएगा। अपनी टिप्पणियों (comments) द्वारा अपनी सोच मुझ तक पहुंचाइएगा।

प्रतिपदा तिथि से हिन्दू नववर्ष का आरंभ होता है। इसी तिथि से पितामह ब्रम्हा ने संसार का निर्माण शुरू किया था। इसी दिन राजा चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने विक्रम संवत की शुरुआत की। 

इस नवरात्र में माँ भगवती दुर्गा की विशेष आराधना की जाती है। घट स्थापना के साथ दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जाता है। पूरे नौ रात्रियों तक पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। अंतिम दिन हवन करके पूर्णाहुति की जाती है। अष्टमी और नवमी को सभी घरों में विशेष पूजा की जाती है। कन्या पूजा नवरात्र का अनिवार्य हिस्सा है। कन्याओं को देवी मानकर उनको भोजन कराकर उनकी पूजा की जाती है। कन्याओं को वस्त्र और फल भेंट किए जाते है।

चैत्र नवरात्र में शक्ति के साथ शक्तिधर की भी पूजा की जाती है। देवी भागवत के साथ ही रामायण का भी पाठ होता है, इसलिए यह नवरात्र,  देवी नवरात्र के साथ-साथ राम नवरात्र के नाम से भी प्रसिद्ध है। 

आज के दिन नए वस्त्र पहनना चाहिए। घर को ध्वज,पताका और बंदनवार से सजाना चाहिए। आज का दिन गुड़ीपड़वा के रूप में भी मनाया जाता है। घर के बाहर रेशमी वस्त्र से गुड़ी बांधी जाती है। इस दिन घरों में पूरणपोली और श्रीखंड बनाया जाता है। आज के दिन नीम के कोमल पत्तों, फूलों का चूर्ण बनाकर उसमें काली मिर्च, नमक, हिंग, जीरा, मिश्री, और अजवाइन डालकर खाना चाहिए। इसे खाने से रक्त संबंधी बीमारियों से बचाव होता है और आरोग्य की प्राप्ति होती है। 

आशा है आपको ये जानकारी पसंद आएगी। धन्यवाद
- साधना