Showing posts with label देवी. Show all posts
Showing posts with label देवी. Show all posts

Saturday, October 5, 2013

शक्ति

Hat tala para Durga thakur

हे देवी माँ , तुम महाशक्ति हो,
इस विश्व की जननी और पालनहार भी तुम ही हो,
यह संसार एक रंगमंच है तुम उसकी रचयिता,
तुम्हारी मधुर मुस्कान में सम्पूर्ण विश्व डूब जाता है,
क्योंकि तुम सबकी आँखों पर मोह की पट्टी बाँध कर,
सबको कठपुतलियों सा कुशल नट की भाँति नचाती हो,
आत्मा परमात्मा को भूल मनुष्य इच्छाओं के समुद्र में डूब जाता है,
गर्त में डूबता जाता है और कभी सुखी नहीं हो पाता,
दुखी होकर भी सुखी होने का अभिनय करता है,
पर फिर भी जीवन का सबसे बड़ा सच तो यही है,
कि खुश हैं सिर्फ ये धरती, आकाश,
नदिया, गहरा समुन्दर और तपता सूरज,
क्योंकि ये सब ही सत्य हैं….
- साधना

Thursday, May 16, 2013

द्रौपदी पांडवों की पत्नी क्यों हुई?

Ram and Sita - home altar


देवी भागवत के नवें स्कन्ध के 14वें अध्याय के अनुसार जब सीता-हरण का समय उपस्थित हुआ तो अग्निदेव ने भगवान श्रीराम से प्रार्थना की कि आप सीताजी को मुझमें स्थापित कर छायामयी सीता को अपने साथ रखिए।
फिर समय आने पर मैं सीताजी को आपको लौटा दूंगा। रावण की मृत्यु के पश्चात जब सीताजी कि अग्नि-परीक्षा हो रही थी, उस समय अग्नि-देव ने वास्तविक सीताजी को उपस्थित कर भगवान श्रीराम को सौंप दिया और छायासीता को श्रीराम व अग्निदेव ने पुष्कर क्षेत्र में जाकर तपस्या करने को कहा।
वही छाया सीता अगले जन्म में राजा द्रुपद के यहाँ यज्ञ-वेदी से द्रौपदी के रूप में प्रकट हुई। भगवान शिव की पूजा में तत्पर छाया सीता ने भगवान त्रिलोचन से प्रार्थना की थी कि मुझे पति प्रदान करें।
यही शब्द उनके मुख से पाँच बार निकले। भगवान महादेव परम रसिक है- उन्होनें प्रसन्न हो कर वर दिया कि तुम्हें पाँच पति मिलेंगे। इस तरह द्रोपदी पाँच पांडवों की पत्नी हुई।
- साधना

Saturday, April 13, 2013

एक आस...


दरवाजे पर पुष्प लिए कब से खड़ी हूँ माँ,
तुम्हारे सुंदर सलोने मुखड़े की आस में,
तुम्हारी पायल की मधुर रुनझुन सुनने को,
माँ तुम सदा-सदा के लिए सुख-समृद्धि बरसाने को आ जाना,
मेरा आँचल जो मैं तुम्हारे सामने फैला कर खड़ी हूँ,
उसमें बसी हर आस को तुम्हें अर्पित करती हूँ,
तुम मेरी हर आशा को विश्वास के साथ उजव्वल व आभामय बना देना,
ताकि मेरा संसार और भी आभामय हो जाए।
- साधना

Thursday, April 11, 2013

वासंतिक नवरात्र


आज चैत्र मास के शुक्लपक्ष की प्रतिपदा तिथि से नवसंवत्सर का आरंभ होता है। आप सभी को इस अवसर पर बहुत-२ शुभकामनाएं। इस पर्व के महत्व को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से मैं यह लेख लिख रही हूँ। आशा है यह  लेख आपको पसंद आएगा। अपनी टिप्पणियों (comments) द्वारा अपनी सोच मुझ तक पहुंचाइएगा।

प्रतिपदा तिथि से हिन्दू नववर्ष का आरंभ होता है। इसी तिथि से पितामह ब्रम्हा ने संसार का निर्माण शुरू किया था। इसी दिन राजा चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने विक्रम संवत की शुरुआत की। 

इस नवरात्र में माँ भगवती दुर्गा की विशेष आराधना की जाती है। घट स्थापना के साथ दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जाता है। पूरे नौ रात्रियों तक पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। अंतिम दिन हवन करके पूर्णाहुति की जाती है। अष्टमी और नवमी को सभी घरों में विशेष पूजा की जाती है। कन्या पूजा नवरात्र का अनिवार्य हिस्सा है। कन्याओं को देवी मानकर उनको भोजन कराकर उनकी पूजा की जाती है। कन्याओं को वस्त्र और फल भेंट किए जाते है।

चैत्र नवरात्र में शक्ति के साथ शक्तिधर की भी पूजा की जाती है। देवी भागवत के साथ ही रामायण का भी पाठ होता है, इसलिए यह नवरात्र,  देवी नवरात्र के साथ-साथ राम नवरात्र के नाम से भी प्रसिद्ध है। 

आज के दिन नए वस्त्र पहनना चाहिए। घर को ध्वज,पताका और बंदनवार से सजाना चाहिए। आज का दिन गुड़ीपड़वा के रूप में भी मनाया जाता है। घर के बाहर रेशमी वस्त्र से गुड़ी बांधी जाती है। इस दिन घरों में पूरणपोली और श्रीखंड बनाया जाता है। आज के दिन नीम के कोमल पत्तों, फूलों का चूर्ण बनाकर उसमें काली मिर्च, नमक, हिंग, जीरा, मिश्री, और अजवाइन डालकर खाना चाहिए। इसे खाने से रक्त संबंधी बीमारियों से बचाव होता है और आरोग्य की प्राप्ति होती है। 

आशा है आपको ये जानकारी पसंद आएगी। धन्यवाद
- साधना