Showing posts with label आशा. Show all posts
Showing posts with label आशा. Show all posts

Monday, January 6, 2014

मन की परतें


मेरे मन तू चल,
कभी तेज़-तेज़ कभी मंद-मंद,
कभी मंथर गति से चल।

तू रुकता, रुक जाता जीवन,
देह क्लांत सी हो जाती,
वाणी मौन हो जाती,
उठती शंका-कुशंका,
पर मेरे मन तू उदास न हो।

नभ में चमकते सूरज चंदा और सितारे,
समुद्र में उठने वाली लहरें...
खग-विहग सब के सब तुझे पुकारें।

तू अशांत न हो, तू क्लांत न हो,
तोड़ हर बंधन को,
बस तू बहता चल।

अविरल जल सा, अपनी गति से,
बस झरने सा, निर्झर हो,
झर झर बहता चल...।

- साधना

Wednesday, April 24, 2013

मन की छटपटाहट...

Heart Shaped Flowers
मन कभी हँसता, कभी रोता, कभी गाने को करता, 
इस मन की गहराई में कुछ जरूर ऐसा है जो ये हर पल,
भटकता रहता दिखावे के लिए हँस -हँस कर सबसे बातें करता, 
पर अन्तर्मन से एक थकी हुई सी सांस लेता,
कभी बाज के पंजो में फंसी हुई चिड़िया-सा छटपटाता,
कभी चिंता और दुख की आँधी में फंस जाता, 
मन की इस छटपटाहट को दूर करने के लिए,
जब एक आशा की धूमिल-सी किरण नज़र आती,
तब मन सारे दर्द भूल जाता,
मन की बगिया में हजारों रंग-बिरंगे फूल खिल जाते,
मन भोरों की गुनगुनाहट से भर जाता,
फिर अपनी निराशा को दूर करने के लिए,
एक नयी फूलों की बगिया सजाता...
- साधना 

Saturday, April 13, 2013

एक आस...


दरवाजे पर पुष्प लिए कब से खड़ी हूँ माँ,
तुम्हारे सुंदर सलोने मुखड़े की आस में,
तुम्हारी पायल की मधुर रुनझुन सुनने को,
माँ तुम सदा-सदा के लिए सुख-समृद्धि बरसाने को आ जाना,
मेरा आँचल जो मैं तुम्हारे सामने फैला कर खड़ी हूँ,
उसमें बसी हर आस को तुम्हें अर्पित करती हूँ,
तुम मेरी हर आशा को विश्वास के साथ उजव्वल व आभामय बना देना,
ताकि मेरा संसार और भी आभामय हो जाए।
- साधना