Monday, February 17, 2014

जीवन की सफलता






















जीवन की सफलताओं का श्रेय हमेशा सही निर्णय लेने वालों को प्राप्त होता है। हर व्यक्ति एक सफल व कामयाब जीवन जीना चाहता है। सही निर्णय लेने कि क्षमता हर व्यक्ति में नहीं होती, पर हम छोटी-छोटी गलतियाँ जीवन में कई बार करते रहते है, ठोकरें खाते है ,कई बार गिरते है फिर सम्हलते है। इस तरह अपनी की हुई गलतियों से सबक सीख कर हम अपने जीवन को जीते हैं। अपनी ही गलतियों की  नींव पर सफल जीवन की इमारत का निर्माण करते है। इन्हीं  की हुई गलतियों से मिला सबक हमारे जीवन का अनुभव व जमा पूंजी माना जाता है। जीवन में जब भी कठिनाइयों का दौर आता है तब हो चुके अनुभवों के आधार पर हम सही निर्णय ले पाते हैं। 

अतः हमें जीवन के अच्छे-बुरे अनुभवों का सूक्ष्मता से निरीक्षण करते हुए जीवन को सफलता की राह पर अग्रसर करते हुए अपना जीवन सफल बनाना चाहिए।
- साधना

Saturday, February 8, 2014

नन्ही चिड़िया














एक काली, चमकीली छोटी सी, चुनमुन चिड़िया
कभी पत्तों पर गिरी पानी की बूंदों पर फिसलती
कभी फूलों में चोंच डाल उनका रस पीती
फिर हौले-हौले पारिजात के पत्तों को ध्यान से देखती
बड़ी मेहनत से कहीं से धागे, नारियल के रेशे लेकर आती
धीरे-धीरे बुनती अपने नन्हें बच्चों के लिए घरौंदा
रुई के नर्म बिछौनों पर देती अंडे
और इंतज़ार करती नाज़ुक परों से ढंके अपने बच्चों का
फिर उनके लिए चुन-चुन के लाती दाना-पानी
उन्हे हर विषम परिस्थिति में उड़ना सिखाती
इतनी छोटी सी होने पर भी
अपना माँ होने का हर कर्तव्य निभाती
इस निर्दयी संसार में रहकर उन्हे मुक्त गगन में
निर्भय होकर जीना सिखाती....
- साधना

Friday, January 24, 2014

प्रकृति का श्रंगार

Night sky

साँझ ढलने के बाद,
धीरे -धीरे नीलगगन में,
टिमटिमाने लगते रेशमी डोर से लटके हुए नटखट तारे,
उज्जवल-सा चाँद बिखेरता दूधिया सी रोशनी।
मखमली श्वेत सितारों से भरी चुनर ओढ़ कर,
स्वच्छ निर्मल चाँदनी में डूबती उतराती प्रकृति
करती नई सुबह का इंतजार।
- साधना 

Monday, January 6, 2014

मन की परतें


मेरे मन तू चल,
कभी तेज़-तेज़ कभी मंद-मंद,
कभी मंथर गति से चल।

तू रुकता, रुक जाता जीवन,
देह क्लांत सी हो जाती,
वाणी मौन हो जाती,
उठती शंका-कुशंका,
पर मेरे मन तू उदास न हो।

नभ में चमकते सूरज चंदा और सितारे,
समुद्र में उठने वाली लहरें...
खग-विहग सब के सब तुझे पुकारें।

तू अशांत न हो, तू क्लांत न हो,
तोड़ हर बंधन को,
बस तू बहता चल।

अविरल जल सा, अपनी गति से,
बस झरने सा, निर्झर हो,
झर झर बहता चल...।

- साधना

Friday, December 27, 2013

ओस की बूँदें...



कुहरे से भरी धुंधली सुबह में,
जब रक्तिम आभा से भरा सूरज निकलता,
तब ओस की नन्ही बूँदें पत्तों के किनारों पर,
मोतियों-सी सज जाती।
जगमगाती सुंदर मोतियों की लड़ी की तरह।
हवा के थपेड़ों को सहकर इधर-उधर,
लुढ़क कर अपने अस्तित्व को बचाती।
किसी उदास मन को जीवन का रहस्य समझाती
कि जब तक हमारा अस्तित्व है,
हमें जीवन की परेशानी को भूलकर ख़ुशी-ख़ुशी जीना होगा।

- साधना

Thursday, December 12, 2013

संगठन में शक्ति होती है

Elephants by the roadside

किसी वन में एक वृक्ष पर गौरैया का एक जोड़ा रहता था। कुछ समय बीतने पर गौरैया ने अंडे दिए, अभी अण्डों से बच्चे निकल भी नहीं पाये थे कि एक मतवाले हाथी ने आकर उस डाली को ही तोड़ डाला जिस पर घोंसला बना था।

गौरैयाका जोड़ा तो किस्मत से बच गया ,पर सारे अंडें फूट गए। गौरैया का जोड़ा दुखी हो रोने लगा, तब पास बैठे कठफोडवा ने उनके दुःख का कारण पूछा। गौरैया ने घौसला हाथी द्वारा तोड़े जाने की बात बताई। कठफोड़वा ने सांत्वना देते हुए कहा "यूँ तो हम हाथी के सामने छोटे से है परन्तु संगठन में शक्ति होती है हम मिलकर हाथी से बदला ले सकते है।"

तब कठफोडवा अपनी मित्र मक्खी व मेंढक के पास गया व हाथी को पराजित करने कि योजना बनाई। योजनानुसार जब हाथी वहाँ से गुजरा तो मक्खी हाथी के कान के पास गुनगुनाने लगी ,हाथी ने मस्ती में आकर अपनी आँखे बंद कर ली। कठफोडवे ने अपनी तेज चोंच से हाथी कि आँखे फोड़ डाली,अँधा हाथी प्यास से व्याकुल हो उठा। तभी मेंढक एक बड़े से गड्ढें के पास जाकर टर्र -टर्र कि आवाज करने लगा। हाथी पानी के भरम में गढ्ढे में जा गिरा और तड़प -तड़प कर मर गया।

अतः नीति बताती है कि समूह में शक्ति होती है। संगठन और समूह -भावना से कार्य करने से बड़े से बड़ा काम सम्भव हो जाता है, और संतोष भी प्राप्त होता है।

- नीतिकथा से प्रस्तुत

टिप्पणी: वर्तमान समय में हमारे परिवार और हमारे राष्ट्र को भी संगठन व समूह-भावना की आवश्यकता है ताकि हम अपने विरोधियों का सामना सशक्त होकर कर सकें और अपने राष्ट्र को मजबूत बना सके।

Monday, December 2, 2013

पुण्य सलिला नर्मदा

Fast flowing river
अमरकंटक के घने जंगलों से,
पर्वतों से निकलते समय तक,
हे पुण्य सलिले नर्मदा,
तुम कितनी शांत और सौम्य होती हो,
धीरे-धीरे लहराती बलखाती,
चट्टानों से टकरा टकरा कर,
अपने पथ को विशाल बनाकर अपने चौड़े पाटों का विस्तार कर,
जन-जीवन की प्यास बुझा निर्झर हो झर-झर आगे बहती जाती,
कहीं धुँआधार का रूप धर लेती,
तो कभी सुन्दर मनोहारी घाटों की अनुपम शोभा बढ़ाती
तुम्हारी उपजाऊ कोख में न जाने कितने जीवन पलते,
जब घुमड़ घुमड़ काले बादल आते,
घनघोर घटाएँ जल बरसातीं,
तब विकराल रूप धर तुम न जाने गाँव,
शहर व प्राणियों को लील आगे बढ़ जातीं,
धीरे-धीरे तुम अशांत समुद्र में मिल गुम हो जातीं,
जहाँ तैरते अनगिनत जहाज...
                                                                           -- साधना