Showing posts with label गर्मी. Show all posts
Showing posts with label गर्मी. Show all posts

Sunday, June 9, 2013

कारी बदरिया

B&W Cumulous Cloud


बहुत लंबे इंतज़ार के बाद बादल,
रुई से नर्म हो जल से भरकर आए,
पवन भी लहरा-लहरा कर, 
बल-खाकर इतराने लगी,
जमकर बरसी प्यारी बदली,
नवजीवन का संचार हुआ,
प्यासी तरसती आँखों को भी आराम मिला,
लगा जैसे कई दिनों से,
बिछड़ी सखी आकर मिली,
हर तरफ अपनेपन का एहसास हुआ,
पल भर में गर्मी से मिली थकान दूर हो गयी,
मस्त-मस्त कारी बदरिया ने,
नए-नए सपनों से श्रृंगार किया।

- साधना

Saturday, May 11, 2013

काश बचपन फिर लौट आता...

tree swing #2

जेठ की तपती दोपहर में विशाल नीम का वृक्ष स्थिर रहता,
सबको शीतल छाया व पवन देता,
जब भी गर्मी की छुट्टियाँ होती,
सारे बच्चे उस वृक्ष के नीचे जमा हो बतियाते,
नन्ही-नन्ही सारी लड़कियाँ उसकी छाया में खेलती,
कभी मम्मी-पापा की नकल,
तो कभी स्कूल टीचर की नकल कर अपनी दोपहर बिताती,
कभी आइस-क्रीम वाले की, कभी गन्ने के रस वाले की,
राह ताकती नज़र आती,
उन बच्चियों की प्यारी सी बातें, रस्सी कूदना,
नीम की डाली पर रस्सी बांध झूला झूलना,
देख मन फिर से छोटी-सी बच्ची बन जाने को करता,
कभी चिड़ियों की चहचहाहट, गिलहरी का भागना,
कोयल का कुहु-कुहु करना मन को भा जाता,
बस मन में यही विचार आता कि काश बचपन फिर लौट आता... 
- साधना

Saturday, March 23, 2013

गर्मी की छुट्टियाँ

Children out of scholol
कुछ समय पहले गर्मी का मौसम आते ही स्कूल की छुट्टियाँ हो जाती,
घर-आँगन भर उठते बच्चों की शरारत से,
गलियों में आम, इमली, कबीट व गन्ना गंडेरी 
बेचनेवालों की आवाजाही नज़र आती,
साँझ होते ही बच्चे नदी-पहाड़, पकड़म-पाटी खेलते नज़र आते,
घर के सामने तांगा या रिक्शा आकर रुकता,
कभी मौसी, कभी बुआ-फूफा, कभी चाची-मामी के आने की खबर आती,
घर का हर कोना खुशी और उल्लास से भर उठता,
दोपहर में सभी महिलाएं हँसती-बतियाती और
पापड़, बड़ी, अचार बनाती नज़र आती। 
रात में चारपाई बिछा तारों को निहारते हुए,
अपने सुख-दुख के किस्से सुनाती।
पर इस आधुनिक जीवन ने घर-आँगन की खुशियों को छीन लिया,
अब आम, इमली की जगह वीडियो-गेम, टी.वी. व आइसक्रीम है। 
घर सूने हो चले है, अपनापन भी नहीं रहा। 
अब किसी के आने की आहट सुनाई नहीं देती। 
अब सिर्फ सूने मन व सूने घर नज़र आते है। 
- साधना 

Thursday, March 21, 2013

पतझड़

Autumn in Novosibirsk
पेड़ों के पत्ते झड़ गए पतझड़ का आव्हान हुआ,
सूरज की तपती किरणों ने गर्मी का आव्हान किया,
पशु-पक्षी सब घबरा उठे, ताल-तलैया लगे सूखने,
बढ़ती गर्मी की तपन ने पंखों व ए.सी. का आव्हान किया,
सारा दिन भट्टी-सा तपता, लू ने सभी को परेशान किया,
सब डरते-डराते घर में छुपते, हर कोई हैरान हुआ,
सांझ के ढलते ही छत पर पहुँच हर व्यक्ति ने,
चंद्रमा की शीतल किरणों व मंद पवन का आव्हान किया।
पेड़ों के पत्ते झड़ गए...
- साधना