Showing posts with label memories. Show all posts
Showing posts with label memories. Show all posts

Saturday, November 2, 2013

यादों की दीपावली

Vandalized Vintage Print, " Childhood Memories" Mike Mozart painted more "Details" into this boring and bizarre vintage Print


          वर्षा ऋतु के समापन के बाद आता है जगमागते दीपों का त्यौहार दीपावली,
परस्पर मेल मिलाप का,मिलकर खुशियाँ मनाने का।पर मुझे लगता है कि दीपावली इन सब ख़ुशियों के साथ ही, पुरानी यादों को ताज़ा करने का।
          बारिश के बाद जब हम पुरानी अलमारी में रखे कपड़ों की नमी दूर करने 
के लिए धूप में डालते हैं, तब बच्चे हों या बड़े सभी थोड़ी थोड़ी देर में कहते नज़र आते हैं, कि अरे ये तो मेरा वो वाला शर्ट हैं जो मेरी नानी या दादी ने मुझे मेरे जन्म दिन पर दिया था। ये जींस पापा मेरे लिए मुम्बई से लाये थे, ये फ्रॉक मेरे बचपन की है जो मामाजी ने दिलाई थी। ऐसी बातें पूरे समय होती रहतीं हैं।
          विशेषकर जो माँ होती है, उनकी यादों का खज़ाना तो खुल जाता है। जब बेटा बेटी के छोटे-छोटे स्वेटर, मोज़े, पायजामे आदि कपड़े हाथों में आते हैं तो तब आँखों के सामने वे सारे दृश्य चलचित्र की भांति घूमने लगते हैं जब उन्होंने अपने ममता भरे हाथों से उन्हें बनाया था।
          इस कपड़ों को गठरी से निकाल कर धूप में सुखाना और फिर यत्न से वापस रखना एक अदभुत अनुभूति होती है, इसी समय सबकी बातें भी सुननी पड़ती हैं कि क्या जरुरत हैं इन पुरानी चीजों को संभाल कर रखने की, किसी गरीब को दे दो । पर पुरानी यादों को जीवित रखने के लिए , सबकी बातों को अनसुना कर माँ फिर उन कपड़ों और वस्तुओं को सहेज कर वापस अलमारी रख देती है, अपनी उन यादों की धरोहरों को, फिर से अगले वर्ष धूप में सुखाने को....... 

                                                                                       साधना 

Sunday, September 22, 2013

ममता की छांव

Tree hugs!

माँ, तुमने स्वप्निल आँखों से,
अपने नर्म नाज़ुक हाथों से, 
एक छोटा सा बीज रोपा था धरती की गहराई में,
अब स्नेह के जल को पाकर,
वह धीरे-धीरे घुटनों की ऊँचाई तक बड़ा हो,
धीरे-धीरे विशाल आकार लेने लगा है,
जिसके हर पत्ते फूल-फल से,
तुम्हारे हर पल आसपास होने का अहसास होता है,
उसके फूलों में तुम्हारे निर्मल प्यार की खुशबू है,
जो मंद मंद पवन को सुवासित कर चारों ओर महकती है,
फलों में तुम्हारे प्यार की मिठास व निश्छल प्रेम का अहसास है,
जो मुझे भर देता है आत्म विश्वास से,
उसकी घनी छाया में महसूस होता है,
तुम्हारी गोद में सिर रखकर सोने सा सुकून व सभी आत्मीय जनों का आशीर्वाद....
- साधना

Sunday, April 21, 2013

जीवन-मृत्यु

Flying bird
जीवन -मृत्यु पंछी के दोनों पंखो के समान है 
जीवन के आते ही मृत्यु का दिन निश्चित हो जाता है 
जीवन में आते ही मिलता है प्यार-दुलार,
आशा-निराशा, कभी खुशी कभी गम,
कहीं माता -पिता का प्यार कभी भाई-बहन का स्नेह, 
कहीं पति-पत्नी का पवित्र रिश्ता, 
लेकिन एक दिन अचानक पंछी का
दूसरा पंख फड़फड़ाने लगता,
और जीवन-मृत्यु में बदल जाती,
सारे बंधनों से आत्मा मुक्त हो जाती,
और हो जाती अनंत में विलीन,
पीछे रह जाती है सिर्फ यादें... 
- साधना

Wednesday, April 3, 2013

यादों के झुरमुट


















यादों के झुरमुट में मन कुछ खोजता और उलझ कर रह जाता,
सांसे थम जाती, नब्ज धीमी हो जाती, मन विरक्त हो जाता,
छोड़ना चाहता इस जीवन को,
निराशाएँ हर पल जीवन को अलविदा कहना चाहती,
पर उन्हीं झुरमुटों के अंधकार से आशाओं के जुगनू चमकते,
और महसूस होता जीवन में स्पंदन व प्रकाश जो कहता है,
जीवन संघर्ष कर आगे बढ़ाने के लिए है थमने के लिए नहीं... 
- साधना