Showing posts with label bachpan. Show all posts
Showing posts with label bachpan. Show all posts

Tuesday, November 27, 2018

जब भी छूती हूँ....


जब भी छूती हूँ 
पुराने मिट्टी से बनी अब बदरंग सी हो चुकी घर की दीवारे,
याद आती है मुझे अपने बीते हुए कल की 
और उन पूर्वजों की जिनके सानिध्य में बीता मेरा खुशनुमा जीवन,
नन्हे-नन्हे झरोखे जिनसे हम कूदकर इधर-उधर पार हुआ करते थे,
उन्ही झरोखों से निहारते थे आकाश गंगा को,
 तो कभी सपनो में परियों को,
आज भी वही पवन, पक्षी और चाँद-सूरज है,
जो साक्षी है मेरे बचपन के,
मंद-मंद सुवासित पवन जब मुझे छूती है,
लगता है कोई अपना पास से गुजर गया,
चाँद-सूरज की रौशनी में पूर्वजों के जलाये हुए 
दीपक की झिलमिलाहट नज़र आती है,
पूर्वजों के स्वर मुझे मेरी रचनाओं में आशीर्वाद से नज़र आते है,
जब भी छूती हूँ......... 

--साधना 'सह्ज' 

Tuesday, December 20, 2016

नंगे पाँव ...

नंगे पाँव चलना अब भूल चुका इंसान,
नन्हे से पैरों ने जब डगमग हो रखा था पहला कदम,
घर-आँगन में गाँवो की गलियों, चौबारों, पगडंडियों में,
लटपट हो दौड़ा था बचपन, नर्म मुलायम दूब पर हुआ था,
मखमली कालीन का एहसास, 
पैरों में चुभती रेत, कंकरीले पत्थर कराते थे,
जीवन में ऊँच-नीच का एहसास,
अब हर समय जूते-चप्पल पहन भाव-विहीन हो मानव,
कर नहीं पता जीवन की सत्यता का एहसास

-साधना 'सहज'

Thursday, June 25, 2015

मासूम बच्चे


वे नन्हे बच्चे जो जीवन में कभी नहीं खेल पाते कीमती खिलौनों से,
भूख लगने पर मुट्ठी-भर चने खा, पानी पीकर चुपचाप सो जाते है। 
जिन्हें जीवन में कभी भी तीज-त्योहारों पर नहीं मिल पाते 
कीमती कपडे व तोहफे, 
जिनका सारा संसार छुपा होता है 
उनकी माँ की निश्छल प्रेमपूर्ण हंसी और दुलार में,
अक्सर ऐसे ही बच्चे जीवन की चुनौतियों को स्वीकार कर, 
बड़े होकर बनते है इस संसार में अद्भुत कवि, चित्रकार व महान वैज्ञानिक 
और इस देश के कर्णधार...

Friday, January 23, 2015

नारी जीवन...


नन्ही सी किलकारी गूंजी घर आँगन में जन्म हुआ कन्या का...
धीरे-धीरे बड़ी हुई माता-पिता, भाई के प्यार दुलार में,
अनुशासन में बंध बड़ी हुई,
ब्याह हुआ हुई पराई, 
पति और ससुराल के नियमों में बंध निकला जीवन,
पुत्रवती हो बड़ी प्रसन्न हुई
पर अब था पुत्र का बंधन
हर पल नारी जीवन में सिर्फ बंधन ही बंधन,
चाह कर भी कभी जी न सकी वो मुक्त जीवन...
- साधना 

Saturday, November 2, 2013

यादों की दीपावली

Vandalized Vintage Print, " Childhood Memories" Mike Mozart painted more "Details" into this boring and bizarre vintage Print


          वर्षा ऋतु के समापन के बाद आता है जगमागते दीपों का त्यौहार दीपावली,
परस्पर मेल मिलाप का,मिलकर खुशियाँ मनाने का।पर मुझे लगता है कि दीपावली इन सब ख़ुशियों के साथ ही, पुरानी यादों को ताज़ा करने का।
          बारिश के बाद जब हम पुरानी अलमारी में रखे कपड़ों की नमी दूर करने 
के लिए धूप में डालते हैं, तब बच्चे हों या बड़े सभी थोड़ी थोड़ी देर में कहते नज़र आते हैं, कि अरे ये तो मेरा वो वाला शर्ट हैं जो मेरी नानी या दादी ने मुझे मेरे जन्म दिन पर दिया था। ये जींस पापा मेरे लिए मुम्बई से लाये थे, ये फ्रॉक मेरे बचपन की है जो मामाजी ने दिलाई थी। ऐसी बातें पूरे समय होती रहतीं हैं।
          विशेषकर जो माँ होती है, उनकी यादों का खज़ाना तो खुल जाता है। जब बेटा बेटी के छोटे-छोटे स्वेटर, मोज़े, पायजामे आदि कपड़े हाथों में आते हैं तो तब आँखों के सामने वे सारे दृश्य चलचित्र की भांति घूमने लगते हैं जब उन्होंने अपने ममता भरे हाथों से उन्हें बनाया था।
          इस कपड़ों को गठरी से निकाल कर धूप में सुखाना और फिर यत्न से वापस रखना एक अदभुत अनुभूति होती है, इसी समय सबकी बातें भी सुननी पड़ती हैं कि क्या जरुरत हैं इन पुरानी चीजों को संभाल कर रखने की, किसी गरीब को दे दो । पर पुरानी यादों को जीवित रखने के लिए , सबकी बातों को अनसुना कर माँ फिर उन कपड़ों और वस्तुओं को सहेज कर वापस अलमारी रख देती है, अपनी उन यादों की धरोहरों को, फिर से अगले वर्ष धूप में सुखाने को....... 

                                                                                       साधना 

Wednesday, May 1, 2013

बीत गया बचपन...

Hand-in-hand into the sunset
बचपन में हर पल प्यार मिला, दुलार मिला अपनों का,
फुर्र-फुर्र उड़ते पंछी-सा बीत गया बचपन,
बचपन के जाते ही जीवन कभी-इधर, कभी-उधर डगमगाने लगा,
सीमित होने लगे पल, दुख-सुख लगे घेरने,
रोक-टोक लगने लगी हर पल,
ये करो-ये ना करो की आवाजें आने लगी,
मन बैचेन होने लगा छटपटाने लगा,
फिर कहीं से स्नेह से भरे बोल सुन बैचेनी खत्म हुई,
जीवन नई तरंगों से भर उठा,
मन आभार प्रकट करने लगा उन स्नेह से भरे शब्दों का,
यदि न मिल पाता स्नेहपूर्ण साथ,
तो जीवन नीरस होकर अतृप्त सा रह जाता...
- साधना

Saturday, April 27, 2013

कांक्रीट के जंगल

Mt. Fuji sunset from Tokyo Tower
गाँव शहरों में बदल गए, कट गए विशाल बरगद, पीपल, नीम,
कांक्रीट के जंगलों को देख मन बैचेन हो जाता,
बैचेनी से पाँव थम जाते, याद आती खेत खलिहानों की और वृक्षों की,
इन्हीं विशाल वृक्षों की छाया में बीता बचपन,
पितरों के आशीर्वाद सा लगता था वृक्षों का साया,
याद आती है नदी के स्वच्छ जल में तैरती स्वप्नों की नाव,
अमराई में आम, इमली से लदे वृक्षों से चुराना अमिया, इमली,
खरबूजों की बाड़ी से खरबूजे चुराकर खाना,
नदी में दूर तक तैर कर जाना, पर हम बेबस है कांक्रीट के,
घने जंगलों ने छिन लिया है हमसे प्रकृति का हर पलछिन... 
- साधना 

Saturday, February 23, 2013

कूड़े का ढेर

Children of Jaipur
सुबह होते ही पीठ पर बड़ा सा झोला टांग कर,
निकल पड़ते नन्हें-नन्हें बच्चे,
घर से कचरा पेटी की तरफ सिर्फ इस आस में
कि जो आग उनके पेट में जल रही है वो शांत हो पाएगी,
कभी चुंबक को कचरे में फेंक लोहे के टुकड़े ढूंढते,
तो कभी लकड़ी से कूड़ा हटा प्लास्टिक के टुकड़े ढूंढते,
बचपन मजबूर है तन ढकने के लिए वस्त्र पाने व पेट भरने के लिए,
नन्ही-नन्ही आशाएँ जिनका समय है आगे बढ़ने
का वे ही मजबूर है दुनियादारी का बोझ उठाने के लिए,
एक मजबूर माँ को उसका छोटा-सा बेटा समझाता है
माँ परेशान मत हो, अपनी ज़िंदगी तो बस एक कूड़े का ढेर है,
हमें यही अपनी ज़िंदगी बिताकर यही मर जाना है।
- साधना

Tuesday, January 22, 2013

पतंग

the girl, the kite
पतंग को उड़ता देख मन उड़ना चाहता था,
अनंत की ऊँचाइयों को छूना चाहता था,
मैंने माँ से पूछा- मैं उड़ना चाहती हूँ पतंग की तरह,
माँ ने कहा- पतंग की ऊँचाई एक नाज़ुक सी डोर से बंधी है,
जिसे काटने के लिए बहुत से लोग खड़े हैं,
माँ से मैंने कहा- तुम नहीं चाहती ऊँचाइयों को छूना,
उन्होनें मना किया कहा मेरी ऊँचाइयाँ,
मेरा घर-आँगन और परिवार हैं, बाहर काँटों से भरा संसार है, 
पर मेरा मन नहीं माना क्योंकि जब मैं छोटी थी,
और रोती थी तब माँ आसमान में उड़ती पतंगें व
परिंदों को दिखाकर मुझे चुप करती थी,
उसी वक़्त से मेरा मन उड़ना चाहता था, 
हर कामयाबी को हासिल करना चाहता था
एक दिन मैंने सपनों में बहुत सी रंग-बिरंगी पतंगें उड़ती देखी,
उन्होनें पूछा- तुम भी हमारे साथ हवा में उड़ोगी,
मैंने हामी भर दी पर जब आँखें खुली तो मैं ज़मी पर थी।
- साधना

Saturday, October 27, 2012

बचपन

रात के घनेरे सायों में मन यादों में खो जाता है
बचपन के सुहाने पल याद आते हैं
अपने पूर्वजों की स्मृति व प्यार में डूब जाता है
हर पल लगता है काश, बचपन फिर लौट आता
तितलियों के पीछे फिर भागना, आकाश नीम के तले
फूलों को चुनना, वेणी बनाना
सखियों के साथ दौड़ना भागना
अपने भाई बहनों के साथ उठना दौड़ना भागना
गर्मी की गर्म रातों में छत पर तारे गिनना
सर्द रातों में दादा-दादी से कथाएँ सुनना
बारिश में हमउम्र दोस्तों के साथ
पानी में नाव चलाना, भीगना, मस्ती करना
सब कुछ एक स्वप्न की तरह, आँखों मे तैर जाता है
तब मन सोचता है, काश! बचपन फिर लौट आता

 - साधना