Sunday, November 10, 2013

संगीत का जन्म

Music


प्रकृति के शांत और निशब्द हो जाने पर,
अंधकार के बाद प्रभात काल में सूरज की सुनहरी किरणों को देख,
पक्षियों के मधुर कलरव से मिल शायद संगीत का जन्म हुआ होगा,
लहरों के किनारों से टकराने से पैदा हुई आवाजों से,
या कहीं शंख की ध्वनि को सुन किसी पवित्र मन में संगीत का जन्म हुआ होगा,
माँ तुम्हारी ममता से भरी लोरी से ही संगीत का जन्म हुआ होगा,
माँ तुम्हारे निस्वार्थ प्रेम से भरे मुख को देख,
जब मैं जोर से खिलखिलाकर हँसा था और तुम ख़ुशी से झूम उठी थीं,
शायद उसी वक्त संगीत का जन्म हुआ होगा...
-साधना 

Saturday, November 2, 2013

यादों की दीपावली

Vandalized Vintage Print, " Childhood Memories" Mike Mozart painted more "Details" into this boring and bizarre vintage Print


          वर्षा ऋतु के समापन के बाद आता है जगमागते दीपों का त्यौहार दीपावली,
परस्पर मेल मिलाप का,मिलकर खुशियाँ मनाने का।पर मुझे लगता है कि दीपावली इन सब ख़ुशियों के साथ ही, पुरानी यादों को ताज़ा करने का।
          बारिश के बाद जब हम पुरानी अलमारी में रखे कपड़ों की नमी दूर करने 
के लिए धूप में डालते हैं, तब बच्चे हों या बड़े सभी थोड़ी थोड़ी देर में कहते नज़र आते हैं, कि अरे ये तो मेरा वो वाला शर्ट हैं जो मेरी नानी या दादी ने मुझे मेरे जन्म दिन पर दिया था। ये जींस पापा मेरे लिए मुम्बई से लाये थे, ये फ्रॉक मेरे बचपन की है जो मामाजी ने दिलाई थी। ऐसी बातें पूरे समय होती रहतीं हैं।
          विशेषकर जो माँ होती है, उनकी यादों का खज़ाना तो खुल जाता है। जब बेटा बेटी के छोटे-छोटे स्वेटर, मोज़े, पायजामे आदि कपड़े हाथों में आते हैं तो तब आँखों के सामने वे सारे दृश्य चलचित्र की भांति घूमने लगते हैं जब उन्होंने अपने ममता भरे हाथों से उन्हें बनाया था।
          इस कपड़ों को गठरी से निकाल कर धूप में सुखाना और फिर यत्न से वापस रखना एक अदभुत अनुभूति होती है, इसी समय सबकी बातें भी सुननी पड़ती हैं कि क्या जरुरत हैं इन पुरानी चीजों को संभाल कर रखने की, किसी गरीब को दे दो । पर पुरानी यादों को जीवित रखने के लिए , सबकी बातों को अनसुना कर माँ फिर उन कपड़ों और वस्तुओं को सहेज कर वापस अलमारी रख देती है, अपनी उन यादों की धरोहरों को, फिर से अगले वर्ष धूप में सुखाने को....... 

                                                                                       साधना 

Thursday, October 24, 2013

सुनहरे स्वप्न

Golden Haze
नींद नहीं आती रातों में,
मन खोया खोया सा रहता है, 
सुनहरे स्वप्न आना चाहते हैं,
झील सी गहरी आँखों में,
चुपके से घर में दरवाजे के पीछे छुप जाते हैं,
कभी झरोखों से झाँकते नज़र आते हैं,
कभी घर आँगन में घूमते फिरते नज़र आते हैं,
कभी मुक्त गगन उड़ते हुये,
तो कभी नदिया के जल में लहराते उतराते हैं,
मैं चाहती हूँ शांत रातों में सोना,
एक लम्बी गहरी नींद में,
ताकि देख सकूं सुन्दर सुखद स्वप्न....
-साधना 

Monday, October 14, 2013

कलियुगी दशहरा

Ravan


रावण कब मरता है,वो तो जीवन के हर पहलू में जीवित रहता है,
आज साँझ ढलने के बाद रावण फिर जलेगा, 
सांसों में धुआं व आँखों में राख गिरेगी और चारों ओर धुआं ही धुआं होगा,
कागज का पुतला जला और रंगीन आतिशबाजी का सब आनंद ले,
सब एक दूसरे को मुस्कराते हुए,
बुराई पर अच्छाई की विजय की बधाई देंगे ,
अधर्म पर धर्म की विजय, 
अन्याय पर न्याय की जय-जयकार की बातें होंगी । 
सहसा कहीं से किसी कुटिल मन में फिर पैदा होगा,
एक रावण जो काम क्रोध अहंकार दंभ से भरा होगा,
जो हर लेगा किसी राम की परिणीता स्त्री, किसी की दुलारी बेटी,
रावण को अगर सदा के लिए मारना है तो,
मारना होगा समाज में व्याप्त सभी बुराइयों को,
और साथ ही निर्माण करना होगा ऐसे वातावरण का, कानून का,
कि दुराचारी दुष्कर्म करने से पहले,
अपनी सजा के बारे में सोच कर ही काँप जाये,
नहीं तो इसी तरह पैदा होते रहेंगे रावण,
जिन्हें मारने के लिए इस कलियुग में न जाने कब राम जन्म लेंगे 

                                                                   -- साधना 

Thursday, October 10, 2013

माँ भ्रामरी देवी की कथा


पूर्व समय की बात है, अरुण नाम का एक दैत्य था। वह बड़ा नीच था, उसके मन में देवताओं को जीतने की इच्छा उत्पन्न हो गई। उसने कठोर तप किया, तब उसके शरीर से प्रचंड अग्नि निकली, जिससे सभी प्राणियों के मन में आतंक छा गया। उसकी  कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्माजी ने उसे वर मांगने को कहा। अरुण ने जब आँखे खोली, तो सामने ब्रह्माजी को पाया। उसने ब्रह्माजी से वर माँगा ''मैं कभी मरुँ नहीं '' ब्रह्माजी  ने समझाया जन्म लेने वाले का मरना निश्चित है, यही जीवन का सिद्धांत है। तुम कोई दूसरा वर मांग लो।

तब अरुण ने कहा -''प्रभो अच्छी बात है, फिर आप मुझे ऐसा वरदान दीजिये कि मैं न युद्ध में मरुँ, न किसी अस्त्र -शस्त्र से, न स्त्री-पुरुष से, न ही दो पैर, चार पैर वाले प्राणी मुझे मार सके और मुझे ऐसा बल दीजिये कि मैं समस्त देवताओं को जीत सकूँ। तब ब्रह्माजी तथास्तु कह कर ब्रह्मलोक को चले गए। दैत्य अरुण ने अपने बल से सभी लोकों पर विजय प्राप्त की और सभी को सताने लगा। समस्त देवता अरुण से व्यथित होकर उसे परास्त करने का विचार करने लगे। तभी आकाशवाणी हुई कि तुम सभी भगवती की आराधना करो, वे ही तुम्हारा कार्य सिद्ध करेंगी, साथ ही दैत्य अरुण को गायत्री जप से विरत करना होगा।

तब ब्रहस्पति जी ने मायाबीज का जप करके तपस्या पूर्ण की, जिससे उन्हें तेज और शक्ति पुनः प्राप्त हुई। तत्पश्चात वे दैत्य अरुण के पास जाकर बोले - जिन देवी की तुम उपासना करते हो, मैं भी उन्ही की उपासना करता हूँ। बल के अभिमान और देव माया से मोहित होकर अरुण कहने लगा - आज से मैं गायत्री की उपासना नहीं करूँगा और उसने तपस्या करना छोड़ दिया। गायत्री जप का त्याग करते ही अरुण निस्तेज हो गया। कुछ समय बीतने के बाद जगत का कल्याण करने वाली माँ भगवती जगदम्बा प्रगट हुई। उनके श्रीविग्रह से करोड़ों सूर्यों का प्रकाश फ़ैल रहा था, उनकी मुठ्ठी में अद्भुत भ्रमर भरे हुए थे। सभी देवताओं ने उनकी स्तुति की। देवी ने उन भ्रमरों को चारों और फैला दिया, उन सभी भ्रमरों ने जाकर राक्षसों की छाती छेद डाली। इस तरह ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई कि न युद्ध हुआ, न किसी की परस्पर बातचीत हुई और शक्तिशाली दानव नष्ट हो गए। इस प्रकार माँ भ्रामरी देवी का प्रादुर्भाव हुआ।
 
- धार्मिक ग्रंथों से प्रस्तुत

Saturday, October 5, 2013

शक्ति

Hat tala para Durga thakur

हे देवी माँ , तुम महाशक्ति हो,
इस विश्व की जननी और पालनहार भी तुम ही हो,
यह संसार एक रंगमंच है तुम उसकी रचयिता,
तुम्हारी मधुर मुस्कान में सम्पूर्ण विश्व डूब जाता है,
क्योंकि तुम सबकी आँखों पर मोह की पट्टी बाँध कर,
सबको कठपुतलियों सा कुशल नट की भाँति नचाती हो,
आत्मा परमात्मा को भूल मनुष्य इच्छाओं के समुद्र में डूब जाता है,
गर्त में डूबता जाता है और कभी सुखी नहीं हो पाता,
दुखी होकर भी सुखी होने का अभिनय करता है,
पर फिर भी जीवन का सबसे बड़ा सच तो यही है,
कि खुश हैं सिर्फ ये धरती, आकाश,
नदिया, गहरा समुन्दर और तपता सूरज,
क्योंकि ये सब ही सत्य हैं….
- साधना

Monday, September 30, 2013

टूटे रिश्तों की चुभन

Broken Heart Grunge

मैं उन टूटे रिश्तों की चुभन महसूस कर रही हूँ
जो इस संसार की भागमभाग में टूट कर खो गए हैं
रिश्तों को सुखद व सुवासित बनाना चाहती हूँ,
पर बहुत कठिन सा लगता है, रिश्तों  को आसानी से बदल पाना,
क्योंकि चारो ओर छल कपट से भरी दुनिया नजर आती है
अपने ही अपनों को छलते हैं,
कोशिशो में सफलता का विश्वास ले
हम इन रेगिस्तानो में भटकते है
मन सोचता है एक बार फिर मिलकर
हम तुम कुछ बातें करते
कुछ तुम कहते कुछ हम कहते,
मिल कर दोनों के आंसूओं के सैलाब में
बह जाते सारे गिले-शिकवे
सुबह होने पर रक्तिम आभा लिए
एक नया सूरज बादलों की ओट से
मुस्करा कर निकलता
और हम भूल जाते टूटे रिश्तों की चुभन...
- साधना